मेयर चुनाव में निगम के सभी 80 पार्षदों ने मतदान किया
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर नगर निगम को नया मेयर मिल गया है। सोमवार को हुए मेयर पद के चुनाव में भाजपा के पारस सिंघवी ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पूनम कुंवर को हराकर मेयर पद पर जीत दर्ज की। नगर निगम के बोर्ड बैठक सभागार में हुए मतदान में पारस सिंघवी को 55 वोट, जबकि डॉ. पूनम कुंवर को 25 वोट मिले। इस तरह पारस सिंघवी ने 30 वोटों के अंतर से चुनाव जीता। | Udaipur Mayor Paras Singhvi
सभी 80 पार्षदों ने किया मतदान
उदयपुर नगर निगम के मेयर चुनाव में निगम के सभी 80 पार्षदों ने मतदान किया। चुनाव से पहले एक निर्दलीय पार्षद ने भाजपा को समर्थन दिया, जबकि माकपा के पार्षद ने कांग्रेस के पक्ष में समर्थन जताया। | Udaipur Mayor Paras Singhvi | Paras Singhvi has been elected as the new Udaipur nagar nigam Mayor
उदयपुर नगर निगम में मौजूदा चुनावी समीकरण के अनुसार भाजपा के 53 पार्षद, कांग्रेस के 23 पार्षद, माकपा का 1 पार्षद और 3 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे।

पारस सिंघवी ने 55 वोट हासिल किए
मेयर पद के लिए हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी पारस सिंघवी को 55 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. पूनम कुंवर के खाते में 25 वोट आए। परिणाम घोषित होने के बाद रिटर्निंग अधिकारी अवुला सांईकृष्ण ने पारस सिंघवी को मेयर पद की शपथ दिलाई। इस दौरान एडीएम सिटी जितेंद्र औझा और जिला निर्वाचन कार्यालय के डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा भी मौजूद रहे।

डिप्टी मेयर पद पर अब सबकी नजर
पारस सिंघवी के मेयर निर्वाचित होने के बाद अब उदयपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के चुनाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। डिप्टी मेयर का चुनाव मंगलवार को होगा। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के बीच भाजपा पार्षद दिनेश भट्ट का नाम डिप्टी मेयर पद के लिए प्रमुखता से लिया जा रहा है। हालांकि, डिप्टी मेयर पद को लेकर अंतिम स्थिति चुनाव प्रक्रिया और आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

