एक्सप्लोरेशन की सफलता दर 88% से अधिक
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने एक्सप्लोरेशन कार्यक्रम के तहत 3.2 करोड़ टन (32 मिलियन टन) सकल अयस्क संसाधन एवं भंडार जोड़े हैं। कंपनी ने इस दौरान 464.32 किलोमीटर ड्रिलिंग पूरी की, जिसमें 88.08 प्रतिशत ड्रिल होल में मिनरलाइजेशन पाया गया। यानी करीब हर 10 में से 9 ड्रिल होल में खनिज की मौजूदगी मिली। | Hindustan Zinc adds 32 million tonnes of ore resources | Hindustan Zinc exploration
रिकॉर्ड एक्सप्लोरेशन के साथ कंपनी ने उत्पादन में भी नया स्तर हासिल किया। वित्त वर्ष 2025-26 में हिंदुस्तान जिंक का खनित धातु उत्पादन 11.14 लाख टन के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंचा। वहीं, कंपनी के अयस्क भंडार में करीब 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह पिछले वर्ष के 18.91 करोड़ टन से बढ़कर 21.91 करोड़ टन हो गया। | Hindustan Zinc adds 32 million tonnes of ore resources
धातु भंडार भी बढ़कर 1.39 करोड़ टन रहा
कंपनी के अनुसार, वित्त वर्ष के अंत में उसके कुल संसाधन एवं भंडार 46.86 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। इससे कंपनी को 25 वर्ष से अधिक की खदान आयु और भविष्य की विस्तार योजनाओं के लिए संसाधन आधार मजबूत करने में मदद मिलेगी। इस दौरान धातु भंडार भी बढ़कर 1.39 करोड़ टन रहा, जो भूमिगत खनन अपनाने के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेन्दु प्रकाश ने कहा कि मजबूत संसाधन आधार खनन कंपनी की दीर्घकालिक सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कंपनी तकनीक आधारित एक्सप्लोरेशन के जरिए मौजूदा खदानों की संभावनाओं को मजबूत करने और भविष्य के विकास के लिए संसाधन आधार तैयार करने पर काम कर रही है।
कंपनी का एक्सप्लोरेशन कार्यक्रम भू-भौतिकीय एवं भू-रासायनिक तकनीकों, 3D जियोलॉजिकल मॉडलिंग और डेटा आधारित विश्लेषण के साथ ड्रिलिंग पर केंद्रित है। इसके साथ ही हिंदुस्तान जिंक जिंक-लेड-सिल्वर से आगे बढ़कर मल्टी-मेटल कंपनी बनने के लिए अन्य खनिज संभावनाओं का भी मूल्यांकन कर रही है।

