मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी सामने आयी
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत के 11 मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर 2026 को पुनर्मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने संबंधित मतदान केंद्रों की ईवीएम में मतगणना के दौरान तकनीकी खराबी सामने आने के बाद पुनर्मतदान के निर्देश दिए हैं। | Rajasthan Urban Local Body Elections 2026 Re-Polling
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पुनर्मतदान इन मतदान केंद्रों पर कराया जाएगा—
- नगर निगम जयपुर: वार्ड 09 बूथ 111, वार्ड 18 बूथ 235, वार्ड 25 बूथ 343, वार्ड 34 बूथ 477 और 484
- जोधपुर नगर निगम : वार्ड 50 बूथ 338
- कोटा नगर निगम : वार्ड 87 बूथ 99, वार्ड 44 बूथ 448 और वार्ड 11 बूथ 576
- नगर पालिका सुकेत: वार्ड 04 बूथ 05
EVM में तकनीकी खराबी के कारण लिया गया फैसला
16 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान
आयोग को इन मतदान केंद्रों पर मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायतें मिली थीं। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों की जांच के बाद आयोग ने पाया कि तकनीकी खराबी के कारण अप्रदर्शित मतों की संख्या निकटतम प्रतिद्वंद्वी के मतों के अंतर से अधिक है। इसके चलते इन केंद्रों पर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया गया। | Rajasthan Urban Local Body Elections 2026 Re-Polling
इन सभी चिन्हित मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराया जाएगा। इसके बाद पुनर्मतदान की मतगणना 17 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे निर्धारित स्थान पर होगी।
चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को पुनर्मतदान की तारीख, समय और मतदान केंद्र की जानकारी लिखित रूप में दी जाएगी। इसके अलावा संबंधित नगरपालिका, मतदान केंद्र और निर्वाचन क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर सूचना प्रदर्शित की जाएगी।
केवल अधिकृत मतदाता ही कर सकेंगे मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मतदान में केवल संबंधित मतदान केंद्र के अधिकृत मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। पहले मतदान के दौरान मतदाता की अंगुली पर लगी स्याही को पुनर्मतदान के लिए आधार नहीं माना जाएगा।
पुनर्मतदान के दौरान मतदाता के बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर नई अमिट स्याही लगाई जाएगी। स्याही नाखून के प्रारंभिक भाग से अंगुली के प्रथम भाग तक त्वचा पर लगाई जाएगी।
जरूरत पड़ने पर नई मतदान सामग्री तैयार होगी
आयोग के निर्देशों के अनुसार आवश्यकता होने पर ईवीएम के उपयोग के लिए मतपत्र और निविदत्त मतपत्र नए सिरे से तैयार किए जाएंगे। पुनर्मतदान के बाद मूल मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जाएगा। आयोग ने संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों और अन्य अधिकारियों को 16 सितंबर के पुनर्मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

