जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 62 के भाग संख्या 23 के मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4, टीला वाला, सांगानेर पर पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए हैं। | Jaipur Ward 62 repolling on September 13
आयोग के अनुसार, इस मतदान केंद्र पर 11 सितंबर 2026 को मतदान के दौरान मतदाता सूची में विलोपन सूची में शामिल 110 मतदाताओं द्वारा मतदान किए जाने की घटना सामने आई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट पर विचार करने के बाद आयोग ने पाया कि इस घटना से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हुई है। | Jaipur Ward 62 repolling on September 13
इसी को देखते हुए राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 के तहत 13 सितंबर 2026 को प्रातः 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक पुनर्मतदान (Fresh Poll) कराने का निर्णय लिया गया है।
आयोग ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्मतदान की तिथि, समय और स्थान की जानकारी चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को लिखित रूप में देने तथा संबंधित क्षेत्र में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं।
बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर लगेगी स्याही
पुनर्मतदान में मतदान के लिए केवल अधिकृत मतदाता ही पात्र होंगे। इस बार मतदाताओं की पहचान के लिए बाएं हाथ की मध्यमा (Left hand middle finger) अंगुली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा। यह निशान नाखून के प्रारंभ से अंगुली के प्रथम भाग तक लगाया जाएगा।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि आवश्यक हो तो ईवीएम में उपयोग के लिए मतपत्र एवं निविदत्त मतपत्र नए सिरे से मुद्रित कराए जा सकते हैं। वहीं, 11 सितंबर को हुए मूल मतदान में उपयोग की गई ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जाएगा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

