फर्जी दस्तावेजों से लीज डीड जारी कराने का आरोप
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर नगर निगम से जुड़े भूखंड घोटाले के मामले में एसओजी राजस्थान ने वांछित आरोपी विपिन कोठारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नगर विकास प्रन्यास (यूआईटी) उदयपुर से वर्ष 2004 में नगर निगम को हस्तांतरित किए गए खाली और निरस्त भूखंडों के फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर नगर निगम से लीज डीड जारी करवाने और बाद में भूखंडों को बेचने का आरोप है। | Udaipur Nagar Nigam Land Scam
यह कार्रवाई प्रकरण संख्या 97/2022 में की गई है। मामले में पुलिस थाना सूरजपोल में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत जांच की गई।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर लीज डीड जारी कराने का आरोप
एसओजी के अनुसंधान से पाया गया कि अभियुक्त विपिन कोठारी द्वारा सहआरोपीगण विक्रम कुमार ताकड़िया, नितेश कोठारी, हेमलता कांकरिया, राकेश सोलंकी उर्फ बुक्का, निर्मल टेलर उर्फ गोपाल, भागीरथ गायरी, दीपक कुमावत, दीपक सिंह चौहान व राजदीप सिंह के साथ मिलकर कई भूखण्डों फर्जी दस्तावेज तैयार करवाये जाकर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम उदयपुर के अधिकारियों / कर्मचारियों से मिलिभगत कर लीजडीड जारी करवाई गई और स्वयं के नाम पर मुख्तियारनामा आम का निष्पादन करवाया तथा इन्हें आगे विक्रय किया गया।
एसओजी अधिकारियों के अनुसार, वांछित आरोपी विपिन कोठारी की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस उपमहानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसओजी मुकेश कुमार सोनी ने अभियुक्त विपिन कोठारी को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।
15 सितंबर तक पुलिस रिमांड
गिरफ्तारी के बाद आरोपी विपिन कोठारी को अदालत में पेश किया गया, जहां से 15 सितंबर 2026 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। एसओजी द्वारा आरोपी से पूछताछ कर मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, भूखंडों की लीज डीड जारी कराने और उनके विक्रय से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
एसओजी के अनुसार, इस प्रकरण में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर भूखंडों की लीज डीड नगर निगम उदयपुर से जारी करवाने और बाद में उन्हें बेचने के आरोप में विपिन कोठारी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच एजेंसी अब मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है। साथ ही फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किन-किन भूखंडों की लीज डीड जारी हुई और उनका आगे किस प्रकार विक्रय किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

