वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका क्षेत्रों में बुधवार को मतदान होगा।
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के उदयपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के प्रथम चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को जिला मुख्यालय से मतदान दलों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रथम चरण के तहत वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिका क्षेत्रों में बुधवार को मतदान होगा। | Udaipur Local Body Election 2026 | udaipur election news 2026
80 मतदान दलों की तैनाती, 200 सुरक्षा कर्मी रहेंगे मौजूद
प्रथम चरण के चुनाव के लिए उदयपुर जिले में कुल 80 मतदान दल गठित किए गए हैं। इनमें 15 आरक्षित मतदान दल भी शामिल हैं। प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी सहित कुल 4 मतदान कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। | Udaipur Local Body Election 2026
मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए करीब 200 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
टाउनहॉल में मतदान दलों को दिया गया प्रशिक्षण
मतदान दलों को मंगलवार को उदयपुर के टाउनहॉल स्थित सुखाड़िया रंगमंच सभागार में चुनाव संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का आयोजन उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में हुआ।
सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय को मतदान प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और चुनाव संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक हनुमानमल ढाका और जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने भी मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदान सामग्री का वितरण नगरपालिका मुख्यालय से
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी मतदान दल अपने-अपने आवंटित नगरपालिका मुख्यालयों के लिए रवाना हो गए। मतदान से संबंधित आवश्यक सामग्री का वितरण संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर बनाए गए चिह्नित वितरण एवं संग्रहण केंद्रों से किया जाएगा।
उदयपुर जिले में प्रथम चरण के तहत होने वाले निकाय चुनाव में वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ के मतदाता बुधवार को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका वल्लभनगर
- कुल वार्ड – 20
- कुल प्रत्याशी – 67
- कुल मतदाता – 8314
- पुरूष मतदाता – 4222
- महिला मतदाता – 4092
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका भीण्डर
- कुल वार्ड – 25
- कुल प्रत्याशी – 58
- कुल मतदाता – 13919
- पुरूष मतदाता – 7092
- महिला मतदाता – 6822
- ट्रांसजेण्डर – 02
निर्वाचन क्षेत्र नगरपालिका फतहनगर सनवाड़
- कुल वार्ड – 25
- कुल प्रत्याशी – 65
- कुल मतदाता – 17724
- पुरूष मतदाता – 8891
- महिला मतदाता – 8833
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

