6 सितंबर को उदयपुर में दौड़ेंगे देश-विदेश के धावक, 3.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 के तीसरे संस्करण को लेकर उदयपुर में उत्साह लगातार बढ़ रहा है। हिंदुस्तान जिंक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली मैराथन के लिए अब तक 7,000 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। इस अवसर पर विशेष रूप से डिजाइन किया गया जिंक फिनिशर मेडल भी लॉन्च किया गया। | Vedanta Zinc City Half Marathon 2026
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने बताया कि AIMS प्रमाणित इस मैराथन में विभिन्न प्रतिस्पर्धी श्रेणियों के विजेताओं को मिलाकर 3.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को विशेष जिंक फिनिशर मेडल दिया जाएगा।
माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरित है 2026 का फिनिशर मेडल
इस वर्ष का जिंक फिनिशर मेडल हिंदुस्तान जिंक की माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरित डिजाइन पर तैयार किया गया है। यह मेडल धावकों के धैर्य, समर्पण और दृढ़ता का प्रतीक होने के साथ जिंक सिटी उदयपुर की खनन विरासत को भी दर्शाता है।
एनीबडी कैन रन के मनोज सोनी ने बताया कि मैराथन में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन एवं चैंपियन रन सहित विभिन्न श्रेणियां शामिल होंगी। इसमें पेशेवर धावकों के साथ शौकिया रनर्स, कॉर्पोरेट टीमें, फिटनेस कम्युनिटी, परिवार और पहली बार दौड़ में भाग लेने वाले प्रतिभागी भी शामिल होंगे।
इस बार प्रतिभागियों के लिए वर्चुअल रन का ऑप्शन भी दिया गया था। इसमें वे प्रतिभागी खुद को रजिस्टर्ड कर सकते हैं, जो उदयपुर आकर हाफ मैराथन में भाग नहीं ले सकते। वे जिस भी शहर में हैं, वहां रजिस्टर्ड कैटेगरी की दौड़ करें और किसी लाइव एप्लीकेशन के जरिए हमें उसका स्क्रीन शॉट हमारे दिए लिंक पर साझा करेंगे। इसके बाद हम उन्हें ई-सर्टिफिकेट जारी करेंगे।
फतेहसागर के आसपास दौड़ का आकर्षक अनुभव
हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ खेल एवं वेलनेस टूरिज्म को भी प्रोत्साहित कर रही है। इससे स्थानीय होटल, पर्यटन और सेवा क्षेत्र को लाभ मिलने के साथ जिंक सिटी उदयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
पिछले संस्करण में 27 राज्यों और 6 से अधिक देशों के करीब 7,000 धावकों ने हिस्सा लिया था। इस बार भी बड़ी संख्या में देश-विदेश के प्रतिभागियों के उदयपुर पहुंचने की उम्मीद है। फतेहसागर झील, अरावली पर्वतमाला और उदयपुर की ऐतिहासिक धरोहरों के बीच प्रस्तावित रूट इस आयोजन को खास बनाता है।
‘रन फॉर जीरो हंगर’ का सामाजिक संदेश
मैराथन इस वर्ष भी ‘रन फॉर जीरो हंगर’ के सामाजिक संदेश को आगे बढ़ाएगी। आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।
मैराथन से पहले उदयपुर, जयपुर, उत्तराखंड और हिंदुस्तान जिंक की विभिन्न इकाइयों में आयोजित प्रोमो रन एवं सामुदायिक गतिविधियों में 3,000 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
4 और 5 सितंबर को होगा बिब एक्सपो
पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए फील्ड क्लब, उदयपुर में बिब एक्सपो आयोजित किया जाएगा। 4 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक तथा 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक प्रतिभागी अपने रेस बिब प्राप्त कर सकेंगे और रेस से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करेंगे।

