पुलिस सीएलजी सखी बनाने, रैलियां कराने में व्यस्त, कुख्यात बदमाश जमानतों पर जेल से बाहर : शहर में चुनावी माहौल के दौरान फायरिंग बढ़ा सकती है चुनौती
लकी जैन, उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर में कुख्यात बदमाशों के बीच वर्चस्व कायम करने की होड़ में गैंगवार फिर शुरू हो गयी है। शनिवार रात 3 बजे से 3.30 बजे के बीच उदयपुर शहर में कुख्यात बदमाश हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा के गुर्गों उस्मान और मोहसीन काणा ने विरोधी हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा पर फायरिंग कर दी। हाथ और पसलियों में गोली लगने से फरदीन घायल हुआ है और हॉस्पिटल में भर्ती है। | udaipur crime news | udaipur firing gangwar
इस वारदात ने ओवरऑल उदयपुर की पुलिसिंग सहित शहर में हो रही रात्री गश्त और नाकेबंदी कर रही पुलिस पर सवाल खड़े किए हैं। क्यों कि बदमाशों ने रात को विरोधी गैंग के बदमाश को मारने के लिए गोवर्धन विलास से सवीना से सूरजपोल आधे शहर में हथियार लहराते हुए गाड़ियां दौड़ायीं, फायरिंग की। सवाल है कि क्या पुलिस के बजाए, यह शहर रात को बदमाशों के भरोसे छोड़ दिया जाता है?
पुलिस ने बताया कि मुजफ्फर उर्फ गोगा को डिटेन कर लिया गया है। वहीं फायरिंग करने वाले बदमाश उस्मान और मोहसीन की तलाश की जा रही है। इधर घायल फरदीन के भाई अरदीन ने उस्मान के घर पर पथराव किया, उसे भी डिटेन कर लिया गया है।
बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में शहर में रात 3 बजे दौड़ायी गाड़ियां, कहां थी रात्री गश्त और नाकेबंदी कर रही पुलिस.?
फायरिंग की यह वारदात रात करीब 3 बजे हुई। घटनाक्रम गोवर्धनविलास थाना क्षेत्र स्थित हिस्ट्रीशीटर के ढाबे से शुरू हुआ, जहां हिस्ट्रीशीटर फरदीन, उसके दोस्त प्रेम सिंह के साथ किसी साथी का जन्म दिन मना रहा था।। यहीं पर हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा के उस्मान, मोहसीन सहित चार गुर्गे तलवार लहराते हुए आए। गैंगवार के चलते इन गुर्गों ने फरदीन पर गोली चलायी, लेकिन पिस्टल चली नहीं।
इस पर फरदीन कार से भागा। गुर्गों ने भी कार से फरदीन का पीछा करना शुरू किया। फरदीन गोवर्धन विलास हाईवे से सवीना थाने को क्रॉस करता हुआ बरकत कॉलोनी कट के पास पहुंचा था, मुजफ्फर के गुर्गे उस पर फायरिंग कर रहे थे, फरदीन के एक गोली हाथ में लगी। फरदीन घायल अवस्था में ही कार दौड़ाता रहा, मुजफ्फर के गुर्गे भी हथियार लहराते हुए फरदीन के पीछे गाड़ी दौड़ा उस पर फायरिंग कर रहे थे।
दूसरी गोली फरदीन की पसलियों में लगी। तभी फरदीन को सूरजपोल थाना दिखायी दिया तो बचने के लिए वह सीधे थाने के अंदर घुस गया। उसके पीछे भाग रहे बदमाश फरार हो गए। रात को सूरजपोल थाना पुलिस ने घायल फरदीन को हॉस्पिटल पहुंचाया।
विरोधी गैंग को मैसेज देने के लिए हुई यह फायरिंग.?
फायरिंग की यह वारदात उदयपुर में कुछ सालों में कम हुई गैंगवार के फिर शुरू होने के संकेत दे रही है। उदयपुर शहर के लिए चिंता की बात यह भी है कि अवैध वसूलियों, एक्सटॉर्शन और जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले ज्यादातर कुख्यात बदमाश जमानत पर जेल से बाहर है। इस फायरिंग के जरिए बदमाशों ने विरोधी गैंग के बदमाशों को उनके एक्टिव होने का मैसेज भी दिया है।
पुलिस सीएलजी सुरक्षा सखी बनाने में व्यस्त, जमानतों पर बाहर आ रहे बदमाश.?
पिछले कुछ सालों में उदयपुर के पुलिस मुखिया ने अपराध को कम करने के लिए रणनीति अपनायी हुई थी कि कुख्यात और खतरनाक श्रेणी वाले बदमाशों को जेल से बाहर आने ही नहीं देते थे। शहर में अव्यवस्था और खौफ का कारण बन रहे बदमाशों को पुलिस ने लंबे समय से प्रिवेंशन ऑफ एंटी सोशल एक्टिविटी एक्ट या अन्य किसी कानूनी दांवपेंच के जरिए जेल की सलाखों में बंद किया हुआ था।
लेकिन पिछले कुछ महीनों से पुलिस तो सीएलजी सुरक्षा सखी, सीएलजी कार्यकर्ता बनाने, रैलियां निकालने में व्यस्त है। हार्डकोर पुलिसिंग से इतर सभी कार्यों में व्यस्त बीट कांस्टेबल से लेकर थाना पुलिस को शायद पता ही नहीं है कि उनके क्षेत्र का कौन-कौन सा कुख्यात हिस्ट्रीशीटर जमानत पर जेल से बाहर है.?
मुजफ्फर उर्फ गोगा राज्य के कुख्यात बदमाशों की लिस्ट में था चिह्नित
हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा, हिस्ट्रीशीटर इमरान कुंजड़ा गैंग का मेंबर रहा है। गोगा के खिलाफ हत्या, अवैध वसूलियां, जान लेवा हमला, फायरिंग सहित कई संगीन अपराधों में 35-40 से अधिक मामले दर्ज हैं। पूर्व में हुई गिरफ्तारी से पहले गोगा राज्य के सबसे कुख्यात वांटेड क्रिमिनल्स की लिस्ट में शामिल था। इस पूरी वारदात में पीड़ित से लेकर आरोपी सभी हिस्ट्रीशीटर और बदमाशों की गैंग से ताल्लुक रखने वाले हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

