जोधपुर पुलिस और आर्मी इंटेलीजेंस की संयुक्त कार्रवाई : आरोपी के खिलाफ 6 से अधिक राज्यों में दर्ज हैं करोड़ों की ठगी के मामले, आर्मी का फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद
जोधपुर,एआर लाइव न्यूज। जोधपुर पुलिस और भारतीय सेना की जोधपुर आर्मी इंटेलीजेंस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 5 राज्यों में करोड़ों की धोखाधड़ी के वांटेड आरोपी सागर गुलेरिया को धरदबोचा है। खासबात है कि आरोपी फर्जी आर्मी कैप्टन बनकर लोगों को झांसे में लेता था और लोन दिलाने के नाम से करोड़ों रूपए की ठगी कर चुका है। | Jodhpur Crime News | Fake Army Captain Sagar Guleria Arrested
गिरफ्तार आरोपी जालंधर, पंजाब निवासी सागर गुलेरिया (26) पुत्र सुरेश कुमार भारतीय सेना में कैप्टन या किसी भी अधिकारी पोस्ट पर कभी नहीं रहा। जानकारी के अनुसार वह सेना में क्लर्क पद पर कार्यरत था और आपराधिक गतिविधियों के चलते ही वर्ष 2024 से वह सेना से भगौड़ा घोषित है।
आर्मी कैप्टन की यूनिफॉर्म में ही पकड़ा गया
जोधपुर पूर्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नरेन्द्र सिंह ने बताया कि आर्मी इंटेलीजेंस की सूचना पर जोधपुर पुलिस ने रातानाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर जब आरोपी को पकड़ा, उस वक्त भी आरोपी आर्मी इंटेलीजेंस कैप्टन की यूनिफॉर्म पहने हुए था। पुलिस को आशंका है कि वह यहां भी किसी व्यक्ति को अपने जाल में फंसाने के इरादे से आया था। तलाशी के दौरान उसके पास से फर्जी आर्मी आईडी कार्ड मिला।
पांच राज्यों की पुलिस कर रही तलाश
जानकारी के अनुसार आरोपी सागर गुलेरिया को गुजरात, चंण्डीगढ़, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, हरियाणा पुलिस भी तलाश रही है। आरोपी ने इन राज्यों में कई लोगों के साथ ठगी की है। आरोपी खुद को आर्मी का कैप्टन बताकर लोगों का भरोसा जीतता और उन्हें लोन दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी को अंजाम दे रहा था।
2025 में जमानत पर छूटा और फिर करता रहा ठगी
जानकारी के अनुसार आर्मी से भगौड़ा घोषित होने के बाद आरोपी को पंचकुला-हरियाणा पुलिस ने वर्ष 2025 में ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। इस मामले में जमानत पर छूटने के बाद वह फिर फरार हो गया और अलग-अलग राज्यों में लोगों को झांसे मे लेकर ठगी करता रहा। जब आरोपी को लगता कि पुलिस ज्यादा तलाश रही है तो वह राज्य बदल देता और संपर्क के लोगों को कहता कि ट्रांसफर हो गया है। नए राज्य में भी लोगों से फर्जी कैप्टन बनकर मिलता और ठगी करता।
कई युवतियों को भी झांसे में लिया
आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए खुद को आर्मी इंटेलीजेंस का कैप्टन बताकर कई युवतियों को भी झांसे में लिया हुआ था। युवतियों से भी वह आर्मी यूनिफॉर्म में मिलता था। जोधपुर पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल सीज कर लिया है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


