कैंसर उपचार की आधुनिक तकनीकों और नई दवाओं पर होगा मंथन
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। कैंसर उपचार के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों, नई दवाओं, प्रिसीजन मेडिसिन और आधुनिक उपचार तकनीकों पर चर्चा के लिए देशभर के ऑन्कोलॉजिस्ट शुक्रवार से उदयपुर में जुटेंगे। लगातार छठी बार आयोजित होने जा रहा तीन दिवसीय ‘ट्रेंड्स ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन इन ऑन्कोलॉजी-ऑन्कोकन्वर्ज 2026’ सम्मेलन पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) में होगा। जहां कैंसर उपचार की नई रणनीतियों और मरीजों के बेहतर उपचार पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। | Oncoconverge 2026 Udaipur
सम्मेलन का नेतृत्व पीएमसीएच के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के डायरेक्टर डॉ. मनोज महाजन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह में पीएमसीएच के चेयरमैन राहुल अग्रवाल, डायरेक्टर प्रीति अग्रवाल, सीईओ शरद कोठारी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमन अग्रवाल, प्रेसिडेंट डॉ. एम.एम. मंगल सहित आयोजन समिति के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।
डॉ. महाजन के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य ऑन्कोलॉजी में हो रहे नवीनतम बदलावों, नई उपचार पद्धतियों और उभरती तकनीकों को लेकर विशेषज्ञों के बीच ज्ञान एवं अनुभव का आदान-प्रदान करना है। इसमें मेडिकल ऑन्कोलॉजी, हेमेटोलॉजी, न्यूरो-ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
कैंसर मरीजों को अधिक सटीक, प्रभावी और आधुनिक उपचार देना उद्देश्य
पहले दिन जेरियाट्रिक हेमेटोलॉजी पर विशेष सत्र होंगे, जिनमें बुजुर्ग मरीजों में एनीमिया, ऑस्टियोपोरोसिस और लिम्फोमा के उपचार पर चर्चा होगी। इसके अलावा हेमेटोलॉजी इमरजेंसीज, सपोर्टिव केयर, फेब्राइल न्यूट्रोपेनिया, थ्रोम्बोसाइटोपेनिया और ब्लीडिंग डिसऑर्डर्स जैसे विषय भी प्रमुख रहेंगे।
सम्मेलन में मल्टीपल मायलोमा के उपचार में नई पीढ़ी की दवाओं और आधुनिक विकल्पों पर भी विशेषज्ञ मंथन करेंगे। टैल्क्वेटामाब, बीसीएमए आधारित उपचार तथा आरआरएमएम में नई उपचार रणनीतियां चर्चा का केंद्र रहेंगी।
अंतिम चरण में न्यूरो-ऑन्कोलॉजी और प्रिसीजन मेडिसिन पर विशेष सत्र होंगे। डॉ. महाजन ने कहा कि सम्मेलन का लक्ष्य केवल नई तकनीकों की जानकारी साझा करना नहीं, बल्कि विशेषज्ञों के बीच ऐसा संवाद स्थापित करना है, जिससे कैंसर मरीजों के लिए अधिक सटीक, प्रभावी और आधुनिक उपचार की दिशा मजबूत हो सके।


