उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर इकाई ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि उपज मंडी, सवीना के कार्मिक मनोहरलाल को 24 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी पर गेहूं से भरे ट्रैक्टरों की चेकिंग नहीं करने, चालान नहीं बनाने और मंडी नियमों के तहत पेनल्टी नहीं लगाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। | udaipur acb arrest krishi upaj mandi employee for taking bribe
ACB महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया उदयपुर के कलड़वास क्षेत्र में आटा मिल संचालित करने वाले परिवादी ने शिकायत दी थी कि वह कृषि उपज मंडी, सवीना और अन्य व्यापारियों के माध्यम से गेहूं की वैध खरीद करता है। आरोप है कि कृषि उपज मंडी, सवीना के कार्मिक मनोहरलाल मार्च 2026 से परिवादी से जुड़े व्यापारियों के गेहूं से भरे ट्रैक्टरों को रोककर तत्काल बिल प्रस्तुत करने का दबाव बना रहा था। बिल नहीं दिखाने पर चालान किए जा रहे थे।
आरोपी ने ट्रैक्टरों की चेकिंग और चालान नहीं करने तथा खरीदे गए गेहूं के बिलों की प्रतियां उपलब्ध नहीं कराने पर मंडी नियमों के तहत पेनल्टी नहीं लगाने के बदले तत्कालीन मंडी सचिव मदन गुर्जर के नाम पर प्रतिमाह रिश्वत की मांग की।
आरोपी पहले ही 65 हजार रुपये रिश्वत ले चुका था
परिवादी ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि के लिए आरोपी पहले ही 65 हजार रुपये रिश्वत ले चुका था। इसके बाद अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार माह की अवधि के लिए भी रिश्वत की मांग की जा रही थी।
ACB ने शिकायत के बाद रिश्वत मांग का सत्यापन कराया, जिसमें मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद ACB उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की और मनोहरलाल को 24 हजार रुपये लेते पकड़ लिया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

