उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारायण सेवा संस्थान के सभी सेवा परिसरों में देशभक्ति और उल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। संस्थान के वर्ल्ड ऑफ ह्यूमैनिटी एवं मानव मंदिर परिसर में संस्थापक चेयरमैन कैलाश मानव और अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। वहीं सेवाधाम परिसर में निदेशक वंदना अग्रवाल एवं पलक अग्रवाल ने तिरंगा फहराया। | narayan seva sansthan independence day flag hoisting
लियों का गुड़ा स्थित नारायण चिल्ड्रन एकेडमी में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और देश की संस्कृति से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।
संस्थापक चेयरमैन कैलाश मानव ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने सभी से देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के वीर शहीदों के बलिदान, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नारायण सेवा संस्थान के सभी परिसरों में दिनभर देशभक्ति का माहौल रहा। कार्यक्रमों में संस्थान के पदाधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


