मेले में बड़ा हादसा टला: फतहसागर ओवर फ्लो के सामने मोतीमगरी पहाड़ी से चट्टान के टुकड़े लोगों पर गिरे
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर में आज बुधवार को हरियाली अमावस्या के मेले में हजारों की संख्या में आए मेवाड़वासियों ने बारिश की फुहारों के बीच जमकर खरीददारी की, सहेलियां हंसी-ठिठोली करती दिखीं तो ग्रुप में आए युवकों द्वारा बजायी जा रही पुपाड़ियां पूरे मेले में गुंजायमान होती रहीं। मेले में मालपुओं और जलेबियों ने मिठास घोल दी तो बारिश के बीच गरमागरम पकोड़ियों ने मेले के बीच से गुजर रहे मेलार्थी के मुंह में पानी ला दिया। | udaipur hariyali amavasya mela 2026
आप पाठकों के लिए पेश हैं मेले की झलकियां- वीडियो में देखें-:
मेले में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अच्छी बारिश के बीच फतहसागर ओवर फ्लो के पास मोतीमगरी पहाड़ी की तरफ से चट्टान के टुकड़े नीचे गिर गए, जिसमें तीन-चार मेलार्थियों, स्टॉल संचालक के कुछ चोटें आयी हैं। प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।
बारिश ने बढ़ाया मेले का आनंद
बारिश ने मेले के आनंद को दोगुना कर दिया। महिला, पुरूष, युवक युवतियां, बच्चे सभी बारिश के बीच मेले का आनंद ले रहे थे। कुछ भीगे हुए थे, तो कुछ ने हाथों में छतरियां पकड़ी हुई थीं।
उदयसागर के दोनों गेट एक-एक फीट खोले
मानसून की सक्रियता और उदयसागर के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए जलसंसाधन विभाग ने आज बुधवार दोपहर बाद उदयसागर के दोनों गेट एक-एक फीट खोल दिए। इसके साथ ही उदयसागर का पानी वल्लभनगर बांध की तरफ बढ़ गया है। हालांकि अभी तक पीछोला, फतहसागर और मदार के दोनों तालाब काफी खाली है। ऐसे में आयड़ नदी में एकदम से बहुत तेज बहाव शुरू होने की स्थिति अभी नजर नहीं आ रही है, लेकिन एहतियातन दृष्टि से उदयसागर के गेट खोलकर जलस्तर थोड़ा कम किया जा रहा है।
वर्षाें बाद ऐसा मौका आया होगा जब आयड़ नदी में बहाव तेज होने से पहले ही उदयसागर के गेट खोले गए है। 24 फीट पूर्ण भराव स्तर वाले उदयसागर का जलस्तर 21.6 फीट हुआ है। गेट खोलने के दौरान जलसंसाधन विभाग के एक्सईएन देवपाल सिंह सुमन और एईएन नितेश नायक मौजूद रहे। यूट्यूब पर देखें मेले की झलकियां-:
आज सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बारिश
उदयपुर शहर में 31 मिलीमीटर बारिश हुई। ओगणा 80, गोगुंदा 48, कोटड़ा 103, झाड़ोल 123, बागोलिया 30, उदयसागर 30, वल्लभनगर 45, मदार 40, नाई 23, अलसीगढ़ में 65 मिलीमीटर बारिश हुई।



डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


