एसीबी उदयपुर की ट्रैप कार्रवाई : निरीक्षण और सैंपल लेने के नाम पर दुकानदार से साल में दो बार बंधी के नाम पर रिश्वत मांगी
सलूम्बर/उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की उदयपुर इकाई ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सलूम्बर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में तैनात खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोापी खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह ने परिवादी से उसके दो प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर कार्रवाई करने का डर दिखाकर साल में दो बार बंधी के रूप में कुल 20-20 हजार रूपए रिश्वत मांगी थी। | Udaipur ACB trap food safety officer salumber | Udaipur ACB News | salumber trap news
निरीक्षण और कार्रवाई का डर दिखाकर रिश्वत मांगने का आरोप
एसीबी के अनुसार, परिवादी ने 10 जुलाई 2026 को उदयपुर एसीबी कार्यालय में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सलूंबर में ग्राम डगार स्थित उसकी पुश्तैनी किराणा दुकान और सलूम्बर की गौण कृषि उपज मंडी स्थित कोका-कोला कोल्ड ड्रिंक एजेंसी पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण एवं सैंपल लेने के नाम पर दबाव बनाया जा रहा था।
परिवादी ने आरोप लगाया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी जुर्माना लगाने, प्रकरण दर्ज करने और जेल भिजवाने की धमकी देकर दोनों प्रतिष्ठानों के लिए साल में दो बार कुल 20-20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है।
दुकान से घी के चार पैकेट सैंपल के लिए
एसीबी के मुताबिक, 9 जून 2026 को आरोपी घनश्याम सिंह अपनी टीम के साथ परिवादी की ग्राम डगार स्थित किराणा दुकान पर पहुंचा था। निरीक्षण के दौरान घी, मिल्क फूड के चार पैकेट सैंपल के रूप में लिए गए और नोटिस भी जारी किया गया।
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर दुकान और एजेंसी को शांतिपूर्वक संचालित करने के लिए दोनों स्थानों के लिए साल में दो बार 20-20 हजार रुपये देने की मांग की। रिश्वत नहीं देने पर प्रकरण दर्ज कर जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप है।
मांग सत्यापन में हुई पुष्टि : एक दुकान की पहली किश्त के 10 हजार रूपए ले लिए
शिकायत की जांच के दौरान एसीबी ने रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया। इस दौरान आरोपी द्वारा परिवादी से रिश्वत राशि मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपी ने अपने सरकारी अनुबंधित वाहन में परिवादी से डगार स्थित दुकान की पहली किश्त के 10 हजार रुपये वसूल लिए, जबकि सलूम्बर मंडी स्थित कोल्ड ड्रिंक एजेंसी के 10 हजार रुपये की रिश्वत राशि बाद में लेने की बात तय हुई।
कार्यालय परिसर में 10 हजार रुपये लेते पकड़ा
मांग की पुष्टि के बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
टीम ने कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी को उसके कार्यालय परिसर में परिवादी से 10 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने की भ्रष्टाचार की शिकायत की अपील
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि सरकारी कार्य करवाने के लिए यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत एसीबी को करें। एसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


