ताजा मौसमी पूर्वानुमान ने किसानों और आमजन की चिंता और बढ़ा दी
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। मानसून सीजन के बीच राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा मौसमी पूर्वानुमान ने किसानों और आमजन की चिंता और बढ़ा दी है। विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तरार्ध यानी अगस्त-सितंबर 2026 के दौरान देशभर में सामान्य से कम वर्षा (दीर्घकालीन औसत का 94 प्रतिशत से कम) होने की संभावना है। | monsoon latest update | monsoon update rajasthan udaipur | Below normal rainfall in India August September 2026
हालांकि प्रायद्वीपीय भारत, मध्य भारत, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ उत्तरी हिस्सों तथा पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है, लेकिन देश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा सामान्य से कम रहने के संकेत हैं।लगातार कमजोर पड़ते मानसून और अल नीनो के प्रभाव को देखते हुए आगामी सप्ताहों में वर्षा की स्थिति पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। विशेष रूप से कृषि क्षेत्र के लिए अगस्त और सितंबर का मौसम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। |
जलाशयों में भी पानी की आवक का इंतजार बना हुआ है
कमजोर मानसून और मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान से किसानों के साथ ही आमजन की चिंता और बढ़ गई है। वर्तमान में स्थिति यह है कि इस सीजन में अभी तक झीलों के कैचमेंट में भी उम्मीद अनुरूप बारिश नहीं होने से उदयपुर संभाग सहित राजस्थान के अधिकांश जलाशयों में पानी की आवक का इंतजार बना हुआ है।

अगस्त में भी कम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगस्त 2026 के दौरान भी देशभर में वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना है। केवल पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों तथा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के चुनिंदा क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। | monsoon update rajasthan udaipur
तापमान रहेगा सामान्य से अधिक
पूर्वानुमान के मुताबिक अगस्त महीने में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है।
अल नीनो का असर बढ़ने के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में मध्यम अल नीनो की स्थिति बनी हुई है, जिससे समुद्र की सतह के तापमान में असामान्य वृद्धि दर्ज की जा रही है। मानसून के शेष सीजन में अल नीनो के और मजबूत होने की संभावना जताई गई है, जिससे वर्षा पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
वहीं हिंद महासागर में फिलहाल तटस्थ आईओडी (इंडियन ओशन डाइपोल) की स्थिति बनी हुई है। हालांकि कुछ अंतरराष्ट्रीय जलवायु पूर्वानुमान केंद्रों ने सितंबर के दौरान सकारात्मक आईओडी विकसित होने की संभावना भी व्यक्त की है।
मेवाड़ में भारी और अति भारी बारिश के अलर्ट के बावजूद सीमित बारिश
इधर मेवाड़ में भारी और अति भारी बारिश के अलर्ट के बावजूद अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश ही दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में डूंगरपुर जिले के वेंजा (जोथरीपाल) में सर्वाधिक 60 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि उदयपुर शहर में केवल 3 मिमी बारिश हुई।
- पिछले 24 घंटे में प्रमुख वर्षा (मिलीमीटर में)
- डूंगरपुर – वेंजा (जोथरीपाल): 60
- बनकोड़ा: 55
- प्रतापगढ़ – धरियावद: 44
- नागलिया: 42
- जाखम बांध: 40
- उदयपुर – नाई: 24
- मदार: 24
- देवास: 22
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


