पोस्टर का हुआ विमोचन : बहेगी भक्ति की बयार
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर भगवान शिव की आराधना को समर्पित भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन 3 अगस्त को उदयपुर के भुवाणा क्षेत्र से किया जाएगा। रत्नागिरी विकास समिति एवं भुवाणा ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक यात्रा में करीब 1100 कांवड़िए शामिल होकर बावड़ी वाले हनुमान मंदिर, भुवाणा से जल भरकर श्री अमरख महादेव मंदिर, अम्बेरी तक पदयात्रा करेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। | Udaipur kawad Yatra 2026
यात्रा 3 अगस्त (सोमवार) को प्रातः 8:15 बजे बावड़ी वाले हनुमान मंदिर, भुवाणा से प्रारंभ होगी। सावन के पहले सोमवार को आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
यात्रा के प्रचार-प्रसार के लिए आयोजित कार्यक्रम में कांवड़ यात्रा के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. अमन अग्रवाल, प्रेम शंकर डांगी, नारायण लाल डांगी, ललित वैष्णव, शंकर डांगी, हीरालाल डांगी, देवलाल डांगी, हिम्मत सिंह कृष्णावत, मोनू शर्मा, रमेश सुथार, विनोद लौहार, शंकर सुखवाल सहित रत्नागिरी विकास समिति के पदाधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पीएमसीएच के चेयरमैन राहुल अग्रवाल ने कहा कि सावन माह में कांवड़ यात्रा की परंपरा अत्यंत प्राचीन है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन में श्रद्धापूर्वक कांवड़ लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने से शिव भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा उन्हें भगवान भोलेनाथ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।
आयोजकों ने अधिक से अधिक शिवभक्तों से कांवड़ यात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।


