मुख्य सचिव ने ली तैयारियों की समीक्षा
जयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का इस बार बीकानेर में आयोजन होगा। समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों और समन्वय की विस्तार से समीक्षा की गई। | Rajasthan State Independence Day 2026 Bikaner
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि बीकानेर के लिए इस वर्ष राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की मेजबानी गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर तय समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी की जाएं, ताकि समारोह भव्य, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
बैठक में बीकानेर में होने वाले मुख्य समारोह के साथ जयपुर और बीकानेर में आयोजित होने वाले ‘एट होम’ कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम को राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभक्ति का प्रभावी प्रदर्शन बनाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक के दौरान बीकानेर जिला प्रशासन से समारोह स्थल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि समारोह में विद्यार्थियों, लोक कलाकारों और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विभाग अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें तथा किसी भी समन्वय संबंधी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा मानकों और सभी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव (सामान्य प्रशासन) नवीन जैन, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलीजेंस ) प्रफुल्ल कुमार, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून एवं व्यवस्था) वीके सिंह, जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं बीकानेर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, जिला कलेक्टर निशांत जैन और अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


