दिव्यांग अधिकारों के क्षेत्र में योगदान को मिली पहचान
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। दिव्यांगजन अधिकारों, सुगम्यता और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए अर्थ डायग्नोस्टिक्स के सीईओ एवं पेनेशिआ डिसएबिलिटी के संस्थापक-अध्यक्ष डॉ. अरविंदर सिंह को जयपुर में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया। राजस्थान सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। | Dr. Arvinder Singh Honoured by Rajasthan Minister Avinash Gehlot
इस अवसर पर मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज में समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके लिए सुगम एवं समावेशी वातावरण तैयार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने दिव्यांग अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
डॉ. अरविंदर सिंह को यह सम्मान दिव्यांगजनों के अधिकारों की सुरक्षा, सरकारी एवं निजी संस्थानों में सुगम्यता सुनिश्चित करने, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के प्रभावी पालन, जनजागरूकता अभियान तथा विभिन्न विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए किए गए उनके निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
दिव्यांग अधिकारों के लिए लगातार सक्रिय है संस्था
डॉ. अरविंदर सिंह पेनेशिआ डिसएबिलिटी राइट्स एक्टिविस्ट्स के संस्थापक एवं अध्यक्ष हैं। संस्था शिक्षा, रोजगार, कानूनी सहायता, सुगम्यता और सम्मानजनक जीवन जैसे मुद्दों पर दिव्यांगजनों के हित में लगातार कार्य कर रही है। संस्था ने सूचना का अधिकार (RTI) के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों में सुगम्यता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों को प्रभावी ढंग से उठाया है।
सम्मान को पूरी टीम और दिव्यांग समुदाय को किया समर्पित
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अरविंदर सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी दिव्यांगजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के समर्पण की पहचान है, जो एक समावेशी और सुगम भारत के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य प्रत्येक दिव्यांगजन को समान अवसर, सम्मान, गरिमा और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जी सकें।


