उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र के सेक्टर में बीती रात एक नर्सिंग छात्र की उसी के दोस्त ने चाकू मारकर हत्या कर दी। छात्र और उसके दोस्त के बीच बाइक को धक्का देने की बात से कहासुनी शुरू हुई, गालीगलौज तक पहुंची और विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने छात्र को चाकू मार दिया। छात्र के साथ मौजूद तीसरे युवक ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक डाकन कोटड़ा स्थित प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज के सैकंड ईयर का छात्र था। | udaipur nursing student murder
पुलिस के अनुसार, सवीना खेड़ा निवासी दिनेश मीणा (23) पुत्र दोलाराम मीणा की मौत हुई है। दिनेश बुधवार शाम बाइक ठीक कराने की कहकर घर से निकला था। रात करीब 10.30 बजे दिनेश, उसका दोस्त ललित और अन्य मित्र तीनों साथ थे। सेक्टर 14 में बाइक को धक्का देने की बात पर दिनेश और ललित में कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि ललित ने दिनेश को चाकू मारा और फरार हो गया। दिनेश के साथ मौजूद तीसरे युवक ने उसे हॉस्पिटल पहुंचाया।सूचना पर पुलिस और परिजन हॉस्पिटल पहुंचे। उपचार के दौरान दिनेश की मौत हो गयी।
आरोपी की गिरफ्तारी तक शव नहीं लेने की बात पर अड़े परिजन
आज गुरूवार सुबह परिजन और समाज के लोग मोरचरी में इकट्ठे हुए। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की और शव लेने से इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारी परिजनों की समझाइश के प्रयास कर रहे हैं। परिजनों की सहमति से पोस्टमार्टम तो हो गया, लेकिन परिजनों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी शव नहीं लेंगे।
थानाधिकारी गजवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि आरोपी की तलाश में अलग-अलग टीमें गठित की गयी हैं। आरोपी के सभी संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।
मां बोलीं – आखिरी बात रात 9 बजे हुई थी, बेटे ने थोड़ी देर में घर आने का कहा था
मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा बुधवार शाम बाइक ठीक कराने की बात कहकर घर से निकला था। रात को 11.45 बजे अस्पताल से फोन आया कि बेटा हॉस्पिटल में है। दोलाराम बोले हम जब अस्पताल पहुंचे, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के माता-पिता का मोरचरी में रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक की मां ने बताया रात 9 बजे दिनेश से बात हुई थी, उसने थोड़ी देर में घर आने का कहा था। लेकिन बेटा नहीं आया, थोड़ी देर बाद बेटे के हॉस्पिटल में होने का फोन आया।
सेकंड ईयर का नर्सिंग छात्र था दिनेश
दिनेश मीणा डाकन कोटड़ा स्थित प्राईवेट नर्सिंग कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ललित गमेती भी उसी गांव का रहने वाला है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


