नारायण सेवा संस्थान में शुरू हुई ‘अपनों से अपनी बात’ संवाद श्रृंखला
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। दिव्यांगजनों की जरूरतों और अनुभवों को केंद्र में रखकर सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नारायण सेवा संस्थान के सेवा महातीर्थ, बड़ी परिसर में शनिवार से चार दिवसीय संवाद श्रृंखला ‘अपनों से अपनी बात’ का शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन देश के विभिन्न राज्यों से आए दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने अपने संघर्ष, उपचार और आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। Narayan Seva Sansthan Apno Se Apni Baat
कार्यक्रम के दौरान कई प्रतिभागियों ने संस्थान से मिले उपचार, सर्जरी, कृत्रिम अंग और पुनर्वास सेवाओं से अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया। अनुभव साझा करते समय कई लाभार्थियों की आंखें नम हो गईं, वहीं उपस्थित लोग भी भावुक नजर आए।
संस्थान के अनुसार इस संवाद श्रृंखला का उद्देश्य दिव्यांगजनों और उनके परिवारों से सीधे संवाद स्थापित कर उनके सुझाव, अनुभव और भावनाओं को समझना है, ताकि भविष्य में संस्थान की सेवाओं को और अधिक संवेदनशील, प्रभावी और लाभार्थी-केंद्रित बनाया जा सके।
संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि सेवा तभी सार्थक होती है, जब लाभार्थियों की आवाज़ को गंभीरता से सुना जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के अनुभव संस्थान के लिए मार्गदर्शक हैं और यही संवाद सेवा कार्यों को नई दिशा तथा ऊर्जा प्रदान करेगा। उनके अनुसार यहां साझा होने वाली प्रत्येक कहानी केवल व्यक्तिगत अनुभव नहीं, बल्कि समाज में आशा, आत्मविश्वास और मानवता का संदेश भी है।
संवाद कार्यक्रम में प्रेरक उद्बोधन, खुला संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, जिन्होंने आयोजन को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।
संस्थान ने बताया कि ‘अपनों से अपनी बात’ संवाद श्रृंखला 7 जुलाई तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगी। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आस्था चैनल के माध्यम से देशभर में किया जा रहा है।


