अब गांव-गांव पहुंचेगी दंत चिकित्सा
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की दिशा में पेसिफिक डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर (PDCRC), उदयपुर ने एक नई पहल की है। संस्थान ने ‘स्वस्थ दांत, खूबसूरत मुस्कान। पेसिफिक वैन, अब आपके द्वार’ अभियान के तहत अत्याधुनिक मोबाइल डेंटल क्लिनिक वैन का शुभारंभ किया। | udaipur pmch pacific dental college starts mobile dental van for villages
मोबाइल दंत चिकित्सा वैन को पीएमसीएच के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अमन अग्रवाल, पीएमयू के डॉ. एम.एम. मंगल, पीएमसीएच के प्रिंसिपल डॉ. यू.एस. परिहार, पीडीसीआरसी के प्रिंसिपल डॉ. गौरव भारद्वाज, डॉ. विवेक, डॉ. जीतेन्द्र लोहार, डॉ. महिमा तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी दंत चिकित्सा सेवा
कार्यक्रम के दौरान एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर अमन अग्रवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य उन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक दंत चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, जहां नियमित रूप से डेंटल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। मोबाइल डेंटल वैन गांव-गांव जाकर लोगों को उनके क्षेत्र में ही उपचार उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों को समय पर दांतों की जांच और प्राथमिक उपचार मिलने के साथ-साथ गंभीर दंत समस्याओं की समय रहते पहचान भी संभव होगी।
निःशुल्क जांच और ओरल हेल्थ जागरूकता
पीडीसीआरसी के प्रिंसिपल डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि मोबाइल डेंटल वैन के माध्यम से लोगों को निःशुल्क दांतों की जांच, दांतों की सफाई (स्केलिंग), प्राथमिक दंत उपचार तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही विशेषज्ञ टीम आमजन को ओरल हाइजीन (मुंह की स्वच्छता) के महत्व के बारे में जागरूक करेगी, ताकि दांतों और मसूड़ों से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण दंत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और लोगों में मौखिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


