जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में उठा मुद्दा : मांझी का मंदिर में पर्यटकों से अवैध वसूली की शिकायत की जांच के भी निर्देश
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। | udaipur District Tourism Development Committee
बैठक में नागदा कैलाशपुरी स्थित सहस्त्रबाहु (सास-बहू) मंदिर में प्री-वेडिंग शूट के नाम पर आम पर्यटकों को परेशान करने तथा ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचाने की शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। एडीएम सिटी ने इस मामले में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और पुलिस अधीक्षक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा है।
इसी प्रकार मांझी का मंदिर में पर्यटकों से फोटोग्राफी के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों की जांच के लिए देवस्थान विभाग को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
बाहुबली हिल्स पर सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में बड़ी तालाब किनारे स्थित बाहुबली हिल्स पर बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पार्किंग, पाथ-वे और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को आगामी पर्यटन सीजन से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पर्यटक सुविधाओं पर विशेष फोकस
बैठक में प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पार्किंग, सुलभ शौचालय, संकेतक बोर्ड, सूचना पट्ट तथा पर्यटकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की गई। एडीएम ओझा ने निर्देश दिए कि गत बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप अगले एक माह में आवश्यक संकेतक और सूचना बोर्ड स्थापित किए जाएं।
नगर निगम की ओर से बैठक में बताया गया कि ओल्ड सिटी क्षेत्र में हेरिटेज वॉक दोबारा शुरू की जा रही है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे।
बैठक में जिला परिषद के सीईओ विरमाराम, संयुक्त निदेशक पर्यटन सुमिता सरोच, उपनिदेशक एवं सदस्य सचिव शिखा सक्सेना, विभिन्न विभागों के अधिकारी, होटल एसोसिएशन, गाइड एसोसिएशन तथा पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में प्राप्त सुझावों के आधार पर पर्यटन सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति बनी।
इन विषयों पर भी बनी सहमति
बैठक में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों और विभागों के प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए।
- ऑटो स्टैंड, ऑटो किराया और ड्राइवरों की यूनिफॉर्म तय करने पर विचार।
- पर्यटन थाने में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती।
- सहेलियों की बाड़ी सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर गाइड शेल्टर का निर्माण।
- नो-व्हीकल जोन और पैदल मार्ग विकसित करने के लिए प्रस्तावित रूट पर चर्चा।
- सहेलियों की बाड़ी स्थित कलांगन के रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश।
- बाहुबली हिल्स पर सुरक्षा, पार्किंग और पाथ-वे विकसित करने की योजना।
- गुलाबबाग को यूनेस्को हेरिटेज सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक इन्वेंट्री तैयार करने पर सहमति।
मुख्य बिंदु (Highlights)
- सहस्त्रबाहु मंदिर में प्री-वेडिंग शूट के दौरान पर्यटकों से दुर्व्यवहार की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश।
- बाहुबली हिल्स पर सुरक्षा, पार्किंग और पाथ-वे सहित पर्यटन सुविधाओं को किया जाएगा मजबूत।
- मांझी का मंदिर में पर्यटकों से फोटोग्राफी शुल्क वसूली की शिकायतों की होगी जांच।
- ओल्ड सिटी में हेरिटेज वॉक दोबारा शुरू करने की तैयारी, जल्द जारी होंगे वर्क ऑर्डर।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


