एआर लाइव न्यूज। हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में अनन्ता हॉस्पिटल ने एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए पहली इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी (Electrophysiology) वर्कशॉप का सफल आयोजन किया। वर्कशॉप के दौरान 7 मरीजों की इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी स्टडी (EPS) और रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (RFA) की सफल प्रक्रिया की गई। सभी मरीजों का उपचार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत पूरी तरह निःशुल्क किया गया। | Ananta Hospital Rajsamand
अस्पताल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा ने बताया कि यह वर्कशॉप कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. योगेन्द्र सिंह राणावत के नेतृत्व में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र में उन्नत हृदय रोग उपचार सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अस्पताल भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अनियमित धड़कन का आधुनिक और स्थायी उपचार
डॉ. योगेन्द्र सिंह राणावत ने बताया कि इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी स्टडी (EPS) और रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (RFA) हृदय की अनियमित एवं तेज धड़कन (हार्ट अरेथमिया) के निदान और उपचार की अत्याधुनिक तकनीक है। इस प्रक्रिया से हृदय की असामान्य विद्युत गतिविधियों की पहचान कर उनका स्थायी उपचार किया जाता है, जिससे मरीजों को बार-बार होने वाली धड़कन की समस्या से राहत मिलती है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है।
उन्होंने कहा कि अब इस तरह की उन्नत हृदय चिकित्सा सेवाएं उदयपुर संभाग, राजसमंद में उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सकेगा।
आयुष्मान योजना से मरीजों को राहत
वर्कशॉप के दौरान सभी सात मरीजों का उपचार मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क किया गया। इससे मरीजों को महंगे हृदय उपचार का लाभ बिना किसी आर्थिक बोझ के मिल सका।
इस अवसर पर डॉ. सौहेल, डॉ. युवराज, डॉ. हेमिल सहित कैथलैब स्टाफ प्रवेश, भूपेन्द्र, राहुल, राजेन्द्र और शंकर ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।


