यूडीए ने भी बड़गांव क्षेत्र में मदार नहर को सीवर मुक्त बनाने की कवायद शुरू की
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। फतहसागर को भरने वाली मदार नहर को सीवर मुक्त और साफ-सुथरी बनाने की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम द्वारा सफाई अभियान तेज करने के साथ ही यूडीए ने बड़गांव क्षेत्र में नहर में गिर रहे सीवर की निकासी के लिए आरंभिक तैयारियां शुरू कर दी है। इधर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना आज गुरूवार को अचानक फिर मदार नहर किनारे पहुंचे और सफाई अभियान की प्रगति देखी। निगम की टीम ने आज पांच डंपर कचरा, झाड़ियां एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री मदार नहर से बाहर निकाली। | Udaipur Madar Nahar Cleaning Drive
पिछले दिनों ही एआर लाइव न्यूज ने गटर बनी मदार नहर की तरफ जिम्मेदारों का ध्यान दिलाया था। उसके बाद नहर को सवारने की कवायद शुरू हुई है।
आयुक्त ने दौरा कर टीम को बताया कहां-कहां सफाई की अभी भी जरूरत है
नगर निगम आयुक्त एवं यूडीए के कार्यवाहक आयुक्त अभिषेक खन्ना ने आज मौका मुआयना कर मदार नहर की सफाई के लिए चल रहे निगम के सफाई अभियान की प्रगति देखी। उन्होंने और भी कुछ ऐसे स्थान चिन्हित कर निगम की टीम को बताए, जहां पर अभी भी सफाई की आवश्यकता है। आयुक्त ने मानसून के आने से पहले हर हाल में नहर की सफाई के निर्देश दिए।निगम सीमा से बाहर जल संसाधन विभाग द्वारा नहर की सफाई करवायी जा रही है।
निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा के नेतृत्व में निगम टीम ने आज पांच डंपर कचरा, झाड़ियां एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री मदार नहर से बाहर निकाली। निगम आयुक्त ने मदार नहर की उपयोगिता को देखते हुए निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को नियमित नहर की मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि मदार नहर फतहसागर झील को भरने का प्रमुख स्रोत है, इसलिए इसकी नियमित सफाई और रखरखाव अत्यंत आवश्यक है। निगम ने गुमानिया नाले की सफाई भी शुरू कर दी है।

यूडीए ने नहर को सीवर मुक्त करने की कवायद शुरू की
आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर उदयपुर विकास प्राधिकरण ने भी बड़गांव क्षेत्र में मदार नहर को सीवर मुक्त बनाने की कवायद शुरू कर दी है। वर्तमान में नहर के पश्चिमी किनारे बने अधिकांश मकानों का सीवर सीधा मदार नहर में गिरने से नहर गटर बनकर रह गई है। बांडीनाल पुलिया से लेकर पातालेश्वर महादेव गुफा तक मदार नहर की बहुत ही दयनीय स्थिति है। यहीं गंदगी मानसून में मदार तालाब से आने वाले पानी के साथ सबसे पहले फतहसागर पहुंचती है।
जिला कलेक्टर भी कर चुके हैं मदार नहर का निरीक्षण
एआर लाइव न्यूज ने खबर“फतहसागर में पहुंचेगा सीवर और गंदगी, मदार नहर बनी गटर, कौन लेगा सुध”मदार नहर की दुर्दशा की तरफ जिम्मेदारों का ध्यान दिलाया था और सवाल उठाया था। इसके बाद जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना (कार्यवाहक आयुक्त यूडीए) सहित जिम्मेदार अफसरों को लेकर मदार नहर की हकीकत देखने मौके पर जा पहुंचे। कलेक्टर ने खासकर बड़गांव क्षे़त्र में नहर में जगह जगह गिर रहे सीवर, कीचड़ और कूड़े के ढेर देखकर जिम्मेदारों को खूब फटकार लगाई। तब कलेक्टर ने कहा कि नहर की सफाई का काम अब तक हो जाना चाहिए था, लेकिन मानसून आने का समय होने तक भी नहीं हुई। यह लापरवाही है।
क्लिक कर यह भी पढ़ें–
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


