लखनऊ,एआर लाइव न्यूज। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित तीन मंजिला व्यावसायिक भवन में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गयी, जिसमें कोचिंग सेंटर भी था। आग की चपेट में आने से कई कोचिंग स्टूडेंट्स सहित 15 लोगों की मौत हो गयी है। कोचिंग सेंटर में पढ़ रहे छात्र फंस गए, कुछ छात्रों ने खिड़की से कूद कर जान बचायी, जिनके पैरों में फ्रेक्चर हुए हैं। कुछ छात्रों ने बचने के लिए खुद को बाथरूम में बंद कर दिया, जिनकी दम घुटने से मौत हो गयी। रेस्क्यू टीम ने आग में फंसे कुछ लोगों को रेस्क्यू किया है, जिनमें 4 की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों का इलाज हॉस्पिटल में जारी है। | Lucknow Coaching Centre Fire News
हादसे की सूचना पर सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे। अग्निकांड का मंजर और लाशों को जिसने देखा रो पड़ा। पूरे शहर में शोक की लहर है।

एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस व्यावसायिक भवन में आग लगी, वह अलीगंज इलाके में है। बेसमेंट, ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर कोचिंग सेंटर (लाइब्रेरी) और हेड हॉपर स्टूडियो है, जिसमें 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का काम होता है।
एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग इतनी तेजी से फैली कि कई छात्र भवन के अंदर फंस गए। दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद मलबे से शव बरामद किए गए।
पांच से सात लोगों ने इमारत से छलांग लगाकर बचायी जान, गंभीर घायल
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग भवन की ऊपरी मंजिल पर लगी थी और कुछ ही मिनटों में पूरे हिस्से में फैल गई। बचाव कार्य के दौरान कई खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पांच से सात छात्रों ने इमारत से छलांग लगाई, जिनमें कुछ गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सरकार ने दिए हाईलेवल जांच के आदेश
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है और अब कोई छात्र अंदर फंसा नहीं है। उन्होंने कहा कि हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने घटना को बेहद हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


