उदयपुर के प्रतापनगर से मादड़ी बाईपास पर हुआ हादसा:तेज रफ्तार के साथ ही यूडीए की लापरवाही और रेलवे की ढिलाई बना हादसे का बड़ा कारण
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के प्रतापनगर से मादड़ी बाईपास रोड पर मादड़ी पुलिया के पास रविवार देर रात हुए भीषण हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गयी, वहीं तेज रफ्तार कार सवार दो युवक गंभीर घायल हैं। कार और बाइक की आमने-सामने की हुई भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन भिड़ंत के बाद रेलिंग तोड़ते हुए पुलिया से नीचे गिर गए। udaipur accident news | three died after collided car and bike in pratap nagar udaipur | car hits bike | accident news udaipur | udaipur news latest | udaipur latest news
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि कार सवार युवक गंभीर घायल थे। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृत युवकों के शव मोरचरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। एएसआई चंदन सिंह ने बताया कि हादसे में बाइक सवार मध्यप्रदेश हाल उदयपुर निवासी अर्जुन सिंह (37), सौरभ (30) और जगत सिंह चौहान (35) की मौत हुई है। जबकि इनोवा कार सवार मादड़ी निवासी योगेश और शिवम गंभीर घायल हुए हैं। पुलिया से नीचे गिरने से दोनों ही वाहन बुरी तरफ क्षतिग्रस्त हुए हैं।
बाइक सवार युवक शादी समारोह में कैटरिंग का काम कर घर लौट रहे थे
एमपी निवासी तीनों युवक उदयपुर में ईवेंट में कैटरिंग का काम करते थे। रविवार रात को भी तीनों कैटरिंग के काम के लिए मादड़ी में आयोजित शादी समारोह में गए थे। रात 1 बजे तीनों बाइक से उनके घर लौट रहे थे, वहीं कार सवार युवक भी किसी समारोह से उनके घर मादड़ी लौट रहे थे। रेलवे पटरियों के ऊपर बनी मादड़ी पुलिया पर तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पुलिया की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरे। हादसे में बाइक सवार तीनो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि कार सवार गंभीर घायल हैं। रात को मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शवों को मोरचरी में रखवाकर परिजनों को सूचित किया गया। सोमवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए।
हादसे का कारण: यूडीए की लापरवाही और रेलवे की ढिलाई
इस हादसे के पीछे दो बड़े कारण हो सकते हैं। कार की तेज रफ्तार के कारण भिड़ंत हुई। लेकिन बाईपास पर दोनों वाहन आमने-सामने होने के हालत यूडीए की लापरवाही और रेलवे की ढिलाई के कारण उत्पन्न हुए। भुवाणा चौराहे से लेकर बलीचा तक पूरे बाईपास को अलग-अलग चरण में चौड़ा करने का काम किया गया है और अभी भी कुछ जगह काम चल रहा है। लेकिन मादड़ी पुलिया आज भी बेहद सकड़ी (संकरी) है। जानकारों के अनुसार मादड़ी पुलिया के नीचे से रेलवे की पटरियां गुजरती हैं। इस पुलिया को चौड़ा करने के लिए रेलवे से परमीशन लेनी होगी। रेलवे से परमीशन नहीं मिलने पर यूडीए ने आगे प्रयास करने के बजाए मादड़ी पुलिया छोड़कर बाईपास को चौड़ा करने पर ध्यान फोकस किया। बाईपास रोड कई जगह से चौड़ी हो गयी है। लेकिन मादड़ी पुलिया आज भी हादसों का कारण बन रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


