आए दिन सामने आ रहे ऐसे मामले
उदयपुर/गोगुंदा,(एआर लाइव न्यूज)। पिछले कुछ समय से घर के अंदर या आसपास या फिर ऑफिस के बाहर खड़ी कारों के भी बाहरी जिलों के हाइवे पर बने टोल प्लाजा पर फास्ट टैग से टोल शुल्क कट रहा है। उदयपुर में भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके है। मोबाइल पर मैसेज आने पर वाहन मालिक को घर या ऑफिस मेंं खड़ी कार का टोल शुल्क कटने की जानकारी मिल रही है। इससे वाहन मालिक परेशान हो रहे है। ऐसा ही एक मामला उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के जसवंतगढ़ गांव में सामने आया है। इस तरह की घटनाओं से फास्ट टैग सिस्टम की प्रणाली और सुरक्षा पर सवाल खड़े होने लग गए हैं। लोग आशंका जता रहे हैं कि फास्ट टैग सिस्टम में साइबर अपराधियों ने सेंधमारी कर ली है।
प्रभावित लोगों का कहना है कि शिकायत के बावजूद इस ओर कोई भी जांच एजेंसी ध्यान नहीं दे रही है और न ही शिकायतकर्ता की कोई सुनवायी होती है। लोगों का कहना है कि इस ओर ध्यान दिया जाए और देशभर से आने वाली ऐसी शिकायतों को एक पोर्टल के जरिए क्लब कर जांच-अनुसंधान किया जाए तो नेशनल लेवल पर सक्रिय साइबर अपराध गिरोह और बड़े स्कैम या साइबर धोखाधड़ी का खुलासा हो सकता है।
कार घर से बाहर ही नहीं निकली और जयपुर के टोल प्लाजा पर कट गया टोल
उदयपुर के गोगुंदा थाना क्षेत्र के जसवंत गढ़ गांव के निवर्तमान उपसरपंच प्रेमचंद ने बताया कि 10 मार्च की शाम उनके मोबाइल पर एक एसएमएस (SMS) आया, जिसमें उनकी कार का नंबर था और टोल टैक्स कटने की जानकारी दी गई। SMS मैसेज के अनुसार जयपुर क्षेत्र के इमली टोल प्लाजा पर फास्टैग के जरिए उनके खाते से 50 रुपये का टोल टैक्स काटा गया था। यह मैसेज देखकर प्रेमचंद हैरान रह गए, क्यों कि उनकी कार पिछले कई दिनों से घर की पार्किंग में खड़ी थी और 10 मार्च को भी कार घर से बाहर निकाली ही नहीं गयी।
प्रेम शंकर सुथार ने बताया कि मामले को लेकर उन्होंने नेशनल हाईवे के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के साथ उन्होंने बतौर साक्ष्य घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी भेजे हैं, जिनमें संबंधित तारीख और समय पर कार घर की पार किंग में ही खड़ी दिखाई दे रही है। लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है और फास्टैग से कटे 50 रुपये भी वापस नहीं मिले हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


