जमीन हड़पने के लिए वृद्ध का अपहरण करने के मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के बड़गांव थाना पुलिस ने क्षेत्र में तीन दिन पहले वृद्ध की जमीन हड़पने के लिए उसका अपहरण करने के मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि उन्होंने यह वारदात किशन मेघवाल और सुरेश मेघवाल के कहने पर की थी। किशन मेघवाल भाजपा नेता है और इनका नाम पिछले कुछ दिनों से उदयपुर फाइल्स प्रकरण के कारण चर्चा में है। udaipur news | land mafia in udaipur | udaipur badgaon police | nine accused arrest in kidnapping | old man kidnapping to grab his land | BJP kishan meghwal | udaipur latest news |
बेशकीमती जमीनों को हड़पने के लिए लोगों का अपहरण कर जबरन दस्तावेजों पर साइन करवाने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी के तौर पर भाजपा नेता किशन मेघवाल का नाम आने से भाजपा फिर एक बार घिरती नजर आ रही है। पहले ही उदयपुर फाइल्स के कारण उदयपुर के भाजपा नेताओं की किरकिरी हो रही है, अब विपक्षी सवाल कर रहे हैं कि क्या अब भाजपा नेता भूमाफिया भी बन गए हैं।
इधर मामले में किशन मेघवाल का कहना है कि राजनीतिक द्वेषता के कारण कुछ लोग उनकी छवि खराब करने के लिए ऐसी साजिश रच रहे हैं। जिस दिन वृद्ध के अपहरण की घटना हुई, उस वक्त वे उदयपुर में ही नहीं थे। वे निजी काम से दिल्ली गए हुए थे।
ऐसे चला पूरा घटनाक्रम
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि जमीन हड़पने के लिए बुजुर्ग का अपहरण करने के आरोप में नौ बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने यह सब किशन मेघवाल और सुरेश मेघवाल के कहने पर किया था। ऐसे में पुलिस किशन मेघवाल और सुरेश मेघवाल सहित मामले में वांछित अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
8 मार्च को हाथीधर्रा, बड़गांव थाना क्षेत्र निवासी बंशीलाल गमेती ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पिता रामलाल गांव में पनघट पर पानी लेने गए थे। वहां एक कार आयी, कार से कुछ लोग उतरे और उसके पिता रामलाल को जबरन कार में डालकर अपहरण कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की, अपहरणकर्ता बदमाश साइफन चौराहे पर बुजुर्ग को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित वृद्ध से जानकारी ली तो दो-तीन आरोपी चिह्नित हो गए,और पता चला कि आरोपी बुजुर्ग की जमीन हड़पने के लिए कुछ दस्तावेजों पर उसके हस्ताक्षर करवाना चाहते थे। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों को चिह्नित कर बदमाशों की धरपकड़ की और नौ आरोपी गिरफ्तार कर लिए।
जमीन के कागज पहले से ही तैयार थे, बुजुर्ग का अपहरण कर उससे बस हस्ताक्षर करवाने थे
बड़गांव थानाधिकारी किताब चौधरी ने बताया कि मामले के अनुसंधान में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों एवं अन्य सहयोगियों द्वारा मिलीभगत कर विगत लम्बे समय से गिरोह बनाकर आम ग्रामीणों की जमीन चिन्हित कर विधि विरूद्व प्रक्रिया से इस गिरोह के सदस्यो के नाम रजिस्ट्रियां करवा कर धोखाधड़ी की जा रही है। इस प्रकरण में भी इस गिरोह द्वारा सर्वप्रथम रामा गमेती निवासी हाथीधर्रा की जमीन को चिन्हित किया।
गिरोह ने षड्यंत्र पूर्वक बुजुर्ग की जमीन की रजिस्ट्री करवाने के कागजात पहले से ही तैयार करवा लिये और रामा गमेती के अपहरण के लिए उसकी रैकी की। 8 मार्च को जैसे ही रामा गमेती अकेले पनघट पर गए तो गिरोह के बदमाश कार से आए और जबरन रामा गमेती का अपहरण कर ले गए। गिरोह का प्लान था की रामा की जमीन जिसकी रजिस्ट्री के कागजात पूर्व से गिरोह द्वारा तैयार किये जा चुके थे, उन पर रामा गमेती के हस्ताक्षर करवा कर रामा की जमीन अपने गिरोह के सदस्य के नाम करवा देते। हालांकि पुलिस की तत्परता के कारण बदमाश रामा गमेती को साईफन चौराहा पर छोडकर भाग निकले।
इन नौ आरोपियों को किया गिरफ्तार
बड़गांव थाना क्षेत्र के हाथीधर्रा निवासी मुकेश गमेती पुत्र मांगीलाल, इसवाल निवासी अशोक बंजारा पुत्र भंवर लाल, खरबड़िया निवासी दीप चन्द्र उर्फ दीपक पुत्र लक्ष्मीलाल गमेती, काछबा गोगुंदा निवासी सुरेश पुत्र लोगर गमेती, पडियारों का गुड़ा सुखेर निवासी पुष्कर गमेती पुत्र मेघाजी, लखावली निवासी विजय गमेती पुत्र लालुराम, गोगुंदा निवासी प्रकाश गमेती पुत्र तख्ता राम, आराम मशीन की गली बड़गांव निवासी प्रवीण पुत्र पन्नालाल मेघवाल, गोडान कला नाई निवसी दिलीप कुमार गमेती पुत्र मोहन लाल गमेती को गिरफ्तार किया गया है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


