विधानसभा में उठी आवाज,विधानसभा अध्यक्ष ने दी व्यवस्था
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में शिलान्यास-लोकापर्ण के दौरान लगने वाली शिलापट्टिकाओं पर जन प्रतिनिधियों का ही नाम लिखा जाएगा। इस मामले में आज गुरुवार को विधानसभा सत्र में मुद्दा उठा तो विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस संबंध में व्यवस्था देते हुए कहा कि सभी सरकारी भवनों के उद्घाटन के समय शिलालेखों पर चुने हुए जनप्रतिनिधियों का नाम ही लिखा जाना चाहिये,चाहे वह किसी भी पार्टी से संबंधित हों। rajasthan Assembly Session 2026
प्रश्नकाल के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय कई सरकारी भवनों के उद्घाटन शिलालेखों पर जनप्रतिनिधियों के साथ उनके परिवार के सदस्यों के नाम भी लिखे गए। यह परंपरा गलत है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। विधायक के सवाल के जवाब में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने कहा कि केकड़ी जिला अस्पताल में मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई का कार्य लगभग पूरा हो गया है तथा उद्घाटन के लिए तैयार है। rajasthan Assembly Session 2026
उल्लंघन होने पर जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने कहा कि इस भवन का निर्माण काम पूरा हुए बिना ही उद्घाटन किये जाने तथा शिलापट्टिका पर नियम विरुद्ध नाम लिखे जाने की जांच कराई जाएगी। साथ ही प्रदेश में अन्य चिकित्सा संस्थानों के भवनों पर भी नियम विरुद्ध लिखे गए शिलालेखों को हटाया जाएगा। नियमानुसार सरकारी भवनों की शिलापट्टिकाओं पर सांसद से लेकर सरपंच तक चुने हुए जन प्रतिनिधियों का ही नाम होना चाहिये। भविष्य में इसका उल्लंघन होने पर जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
शिलापट्टों को लेकर सदन में मामला उठने पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि कई जगह शिलापट्टों पर ऐसे लोगों के नाम भी लिखे गए हैं जो निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं हैं। देवनानी ने उदाहरण देते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में भी एक ऐसे व्यक्ति का नाम शिलापट्ट पर लिखा गया है जो चुनाव में प्रत्याशी था, लेकिन निर्वाचित नहीं हुआ। विधानसभा अध्यक्ष ने गुरूवार को सदन में व्यवस्था देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी सरकारी भवन के उद्घाटन या लोकार्पण के शिलालेख पर केवल वही नाम लिखा जाएगा जो निर्वाचित जनप्रतिनिधि हो,चाहे वह विधायक, सांसद, जिला प्रमुख, प्रधान या सरपंच ही क्यों न हो।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें।


