उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। गीतांजली मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उदयपुर के पैथोलॉजी विभाग द्वारा उदयपुर सोसायटी ऑफ पैथोलॉजिस्ट्स के सहयोग से 14 व 15 फरवरी को दो दिवसीय गीतांजली पैथटॉक 2026 जोनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। सम्मेलन के “डायग्नोस्टिक पैथोलॉजी में उभरते रुझान” विषय को लेकर विभिन्न अंगों के कैंसर की जांच में बेसिक एवं अत्याधुनिक तकनीकों के उपयोग पर गहन एवं महत्वपूर्ण वैज्ञानिक चर्चाएं की गईं। विशेषज्ञों ने गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल, स्तन, फेफड़े, रक्त एवं लिम्फॉयड अंगों तथा मस्तिष्क से जुड़े कैंसर की सटीक एवं शीघ्र निदान पद्धतियों पर अनुभव साझा किए। Geetanjali Path talk 2026 : Expert doctors share their experience importance of accurate diagnosis of cancer
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गीतांजली ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने कहा कि पैथटॉक 2026 संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध एवं निरंतर व्यावसायिक विकास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि डायग्नोस्टिक पैथोलॉजी के क्षेत्र में मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, डिजिटल पैथोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रिसिजन मेडिसिन के समावेश से अभूतपूर्व परिवर्तन आया है तथा रोगी देखभाल में पैथोलॉजी की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
देश के सीनियर डॉक्टर्स ने साझा किए अनुभव
कॉन्फ्रेंस में टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के सीनियर प्रोफेसर डॉ. सुमित गुजराल ने रक्त एवं लिम्फॉयड अंगों के कैंसर पर विस्तृत जानकारी दी। डॉ. तृप्ति पाय ने फेफड़ों एवं स्तन कैंसर, डॉ. सुभाष यादव ने पेट एवं जननांगों के कैंसर तथा डॉ. आयुषी सहाय ने मस्तिष्क संबंधी कैंसर के नवीनतम डायग्नोस्टिक दृष्टिकोण पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कॉन्फ्रेंस में ऑर्गनाइजिंग चेयरपर्सन डॉ. गीता मुखिया, को-ऑर्गनाइजिंग चेयरपर्सन डॉ. मनीषा जैन व सेक्रेट्री डॉ. पूनम वाइके सहित अन्य विषय विशेषज्ञ, डॉक्टर्स व मेडिकल स्टूडेंट्स मौजूद रहे। दो दिवसीय सम्मेलन के दौरान कुल 8 वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए, जिनमें शोध पत्र एवं पोस्टर प्रस्तुतियां हुईं। उभरते पैथोलॉजिस्ट्स के लिए लाइव स्लाइड टीचिंग सत्र विशेष आकर्षण रहे। उत्कृष्ट शोध कार्यों को रिसर्च अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


