नाथद्वारा विधायक ने विधानसभा में लगाया सवाल
देवेंद्र शर्मा,उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में नाथद्वारा विधायक विश्वराजसिंह मेवाड़ ने लिखित सवाल के माध्यम से झील संरक्षण से जुड़ा अहम विषय राज्य सरकार के समक्ष रखा है। विधायक विश्वराजसिंह मेवाड़ ने लिखित सवाल के माध्यम से विषय उठाया है कि उदयपुर शहर को वेटलैंड घोषित कर लिया गया है, पानी के करीब निर्माण निषेध है, इसके बावजूद पिछोला और फतेहसागर किनारे होटल निर्माण या उनका विस्तार हो रहा है, उदयपुर में पिछोला तालाब किनारे रिंग रोड कैसे बनाया जा रहा है। क्या ये सब वेटलैंड एवं सर्वोच्च न्यायालय के तालाब के निकट निर्माण नहीं करने के आदेश का उल्लंघन नहीं हैं। MLA Vishvaraj singh mewar raise the issue in rajasthan assembly
झील संरक्षण के लिए जरूरी है सख्ती
नाथद्वारा विधायक ने जो विषय सरकार के समक्ष रखा है वह उदयपुर की झीलों के संरक्षण को लेकर अहम माना जा सकता है। कोर्ट के आदेश की पालना में जिला प्रशासन एवं उदयपुर विकास प्राधिकरण ने झीलों के आसपास नियंत्रित निर्माण निषेध क्षेत्र घोषित किया हुआ है। इस क्षेत्र में बिना अनुमति किसी प्रकार का पक्का निर्माण नहीं किया जा सकता। उसके बावजूद झीलों के आसपास व्यवसायिक निर्माण जारी है। बड़े बड़े निर्माण होने के बावजूद कार्रवाई के नाम सिर्फ नोटिस देने का खेल आम बात है।
नाथूवास तालाब की स्थिति पर भी जताई चिंता
नाथद्वारा स्थित नाथूवास तालाब को लेकर भी विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने सवाल लगाया है। उन्होंने लिखित सवाल के माध्यम से पूछा है कि नाथूवास तालाब का 1947 में जल भराव क्षेत्र क्या था और वर्तमान में क्या है ?, क्या यह सही है कि तालाब के भराव क्षेत्र में मकानों की गलत रूप से स्वीकृति देने के कारण मकानों में पानी भरा रहता है ?। क्या सरकार तालाब की निकासी को सीमेंट आदि डालकर बन्द करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने, सुधार करने का विचार रखती है?।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


