उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के यूनिवर्सिटी रोड स्थित द स्टेनवर्ड स्कूल परिसर में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मजदूर युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गयी। मजदूर स्कूल परिसर के अंदर पेड़ पर चढ़कर छंगाई कर रहा था, इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया, उसका शव काफी देर पेड़ से लटका रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिजली विभाग से पावर कट करवाया और इसके बाद शव को नीचे उतारा जा सका। udaipur : man died after contacting with high-tension line while trimming a tree in school campus
पुलिस ने बताया कि हादसे में झाड़ोल निवासी मन्नालाल (32) पुत्र हीरालाल की मौत हुई है। आज यूनिवर्सिटी रोड स्थित द स्टेनवर्ड स्कूल की ओर से उसे स्कूल परिसर के अंदर लगे पेड़ों की छंगाई के लिए बुलाया गया था। मन्नालाल परिसर के अंदर लगे पड़े पर चढ़कर छंगाई कार्य कर रहा था, तभी एक डाली पेड़ के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अटक गयी। मन्नालाल उस डाली को हाईटेंशन लाइन से हटाने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी पेड़ पर ही मौत हो गयी। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पावर कट करवाया और इसके बाद क्रेन की मदद से मन्नालाल के शव को नीचे उतारा जा सका। शव को पेड़ से लटका देख वहां कई लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गयी।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, मांगी आर्थिक सहायता
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की। युवक की मौत पर विरोध जताते हुए परिजनों ने मुआवजा नहीं मिलने पर पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। शुक्रवार शाम 6 बजे भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मोरचरी में मृतक मन्नालाल के परिजन और स्कूल प्रबंधन के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत होती रही। इधर मोरचरी में पुलिस भी परिजनों की समझाइश के प्रयास कर रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


