कार का स्टेयरिंग लूज था, इसके बावजूद कार लेकर निकला, तेज रफ्तार में गड्ढा आते ही अनियंत्रित हो चाय-नाश्ता कर रहे लोगों को कुचल दिया
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र के मल्लातलाई चौराहे के पास चरक हॉस्टल के सामने के सामने सुबह करीब 7 बजे चाय-नाश्ता कर रहे लोगों को कुचलने वाली कार का चालक गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी उसके दोस्त की कार लेकर निकला था, कार का स्टेयरिंग लूज था, इसके बावजूद वह कार लेकर निकला, मल्लातलाई चौराहे के पास तेज रफ्तार में अचानक गड्ढा आने पर अनियंत्रित हो कार से ठेले को टक्कर मारी और वहां नाश्ता कर रहे दो लोगों को कुचल दिया। udaipur car hits thela two man died, ambamata police arrest car driver
थानाधिकारी मुकेश सोनी ने बताया कि एक्सीडेंट के आरोपी कार चालक हरिदासजी की मगरी निवासी कृष्णा ओड (22) पुत्र नरेश ओड को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने एक्सीडेंट करने कबूल किया है। वह सुबह उसके दोस्त की वर्ना कार लेकर निकला था और मल्लातलाई से महाकाल की तरफ जा रहा था। कार का स्टेरिंग लूज था, चरक हॉस्टल के सामने के सामने तेज गति में अचानक गड्ढ़ा आने पर उसका स्टेरिंग पर कंट्रोल नहीं रहा और उसने सड़क किनारे खड़े ठेले को टक्कर मार वहां खड़े लोगों को चपेट में ले लिया। इस हादसे में सड़क किनारे ठेले के पास खड़े होकर नाश्ता कर रहे अब्दुल मजीद (70) और मोहम्मद इमरान (35) की मौत हुई है।
टक्कर इतनी जोरदार कि ठेला 20 फीट दूर जाकर गिरा
सुबह करीब 7 बजे चरक हॉस्टल के सामने के सामने लगे ठेले पर कुछ लोग चाय-नाश्ता कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार आयी कार ने ठेले को जोरदार टक्कर मारी और वहां चाय-नाश्ता कर रहे लोगों को कुचलते ही करीब 150 मीटर आगे जाकर पलट गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ठेला 20 फीट दूर जाकर गिरा। हादसे में 2 लोगों की मौत होने और कुछ लोगों के घायल होने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इकट्ठे हो गए।
लोगों ने रास्ता जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। काफी समझाइश और एक्सीडेंट बीमा के 5 लाख रूपए आर्थिक सहायता दिए जाने के आश्वासन पर करीब तीन घंटे बाद लोगों ने रास्ता खोला। इसके बाद पुलिस ने मोरचरी में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सुपुर्द किया। वहीं पुलिस की एक टीम ने आरोपी का पता कर उसे गिरफ्तार किया है।
थाने से जमानत, सख्त कानून के लागू होने का इंतजार
लोगों के जीवन का काल बनकर आए इस कार चालक को अंबामाता थाना पुलिस ने गिरफ्तार भले ही कर लिया हो, लेकिन कमजोर कानून के चलते इस आरोपी को थाने से ही जमानत मिल जाएगी। ऐसे ही मामलो में कानून के सख्त होने ही जरूरत महसूस होती है। केन्द्र सरकार ने कानून में संशोधन कर सख्त प्रावधान जोड़े भी थे, लेकिन देशभर में ट्रक चालकों की हड़ताल के आगे सरकार ने कुछ संशोधनों पर रोक लगा दी थी। यही कारण है कि लोगों की जिंदगियों के लिए काल बनकर आए इस आरोपी की थाने से जमानत हो गयी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


