जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आरजीएचएस योजना में अनियमितताओं पर अस्पतालों, फार्मेसी स्टोर एवं लाभार्थियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि विगत एक माह में 8 अस्पतालों एवं डायग्नोस्टिक सेंटर्स को डी-एम्पैनल किया गया है, वहीं 2 अस्पतालों का ट्रांजेक्शन मैनेजमेंट सिस्टम (टीएमएस) ब्लॉक किया है और उनके भुगतान भी रोके गए हैं। इसी प्रकार 3 अस्पतालों का टीएमएस तीन माह के लिए बंद किया गया है। इन अस्पतालों द्वारा अनुचित तरीके से उपचार किए जाने एवं अनियमितताओं के मामले सामने आए थे। विभागीय जांच एवं आडिट में ये अनियमितताएं सामने आने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। RGHS Irregularities: 8 hospitals and diagnostic centers de-empanelled
फार्मेसी से 8 लाख की वसूलीए, 23 लाख के नोटिस जारी
आरजीएचएस की परियोजना अधिकारी निधि पटेल ने बताया कि विगत एक माह में 2 प्रकरणों में अस्पतालों द्वारा लाभार्थियों से वसूली गई नकद राशि 2 लाख 82 हजार पुनः लाभार्थियों को लौटाई गई। साथ ही 11 फार्मेसियों को निलंबित किया गया है। जनवरी माह में फार्मेसियों से करीब 8 लाख रूपए की राशि की रिकवरी की गई है और करीब 23 लाख रूपए की राशि जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
7 डॉक्टरों पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा
योजना में गलत तरीके से लाभ लेने पर एक लाभार्थी के विरुद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को पत्र प्रेषित किया गया। अनुचित तरीके से उपचार किए जाने पर 2 डॉक्टरों के निलंबन के लिए विभाग को पत्र भेजा गया है। इसके अतिरिक्त 5 चिकित्सकों के विरुद्ध भी विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु पत्र जारी किए गए हैं। इसी प्रकार 12 डॉक्टरों को चेतावनी पत्र जारी किए गए हैं और 1 डॉक्टर की आईडी 6 माह के लिए ब्लॉक की गई है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


