एआर लाइव न्यूज। आंध्र प्रदेश में श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मचने से 9 लोगों की मौत हो गयी है। मृतकों में 8 महिलाएं और एक बच्चा है। वहीं कुछ दर्शनार्थी गंभीर घायल हैं और हॉस्पिटल में उपचाररत हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। बताया जा रहा है कि भगदड़ मंदिर में भीड़ के ज्यादा दबाव से लोहे की रेलिंग टूटने से मची, हालां कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। Andhra Pradesh: 9 people died in temple stampede in Srikakulam district andhra pradesh
हादसे की जानकारी मिलने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू सहित अन्य नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की है।
एकादशी पर बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे
जानकारी के अनुसार एकादशी के मौके पर आज हजारों की संख्या में भक्त वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पहुंचे थे। जैसे ही भक्त गर्भगृह के करीब जाने की कोशिश करने लगे, प्रवेश द्वार के पास भीड़ बढ़ गई, भीड़ के दबाव से लोहे की रेलिंग टूट गयी और अचानक अफरातफरी के बीच भगदड़ मच गई। जिसमें 8 महिलाओं और 1 बच्चे की मौत हुई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। राहत बचाव कार्य जारी है।


