गृहमंत्री के जयपुर में हुए कार्यक्रम के प्रचार में जुटी प्रदेश के हर थाने की पुलिस : प्रत्येक थाना स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर प्रोजेक्टर लगा जनता को दिखाया लाइव टेलीकास्ट
लकी जैन, उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उम्र 75 वर्ष होने के बाद से अब केन्द्र में बैठे नेताओं ने पीएम बनने की तैयारी लगता है शुरू कर दी है। संभावना है कि इन्हीं में एक नाम गृहमंत्री अमित शाह का भी हो सकता है। मार्केटिंग-प्रमोशन का सबसे बड़ा फंडा होता है “जो दिखता है, वही बिकता है”, तो ऐसा प्रतीत होता है कि गृहमंत्री अमित शाह ने उनकी जनता तक पहुंच बनाने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। इसी की एक झलक सोमवार को राजस्थान के जयपुर में नवीन आपराधिक कानूनों को लेकर हुई प्रदर्शनी के उद्घाटन और 9 हजार 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के शिलान्यास व लोकार्पण समारोह में दिखी।
देश के गृहमंत्री अमित शाह के इस कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट राजस्थान के प्रत्येक जिला पुलिस मुख्यालय और हर थाना स्तर पर बड़े-बड़े प्रोजेक्टर लगाकर किया गया। प्रत्येक थाने को जिम्मेदारी दी गयी कि वे थाने स्तर पर कार्यक्रम कर सीएलजी मेंबर्स के जरिए आम जनता को इस कार्यक्रम में बुलाएं और उन्हें प्रोजेक्टर लगाकर बड़ी स्क्रीन पर लाइव टेलीकास्ट दिखाएं। निर्देश जब सरकारी स्तर पर थे तो पूरा पुलिस महकमा इस व्यवस्था में जुट गया।

थाना और थाना पुलिस का इससे बेहतर उपयोग क्या ही होगा.?
अक्सर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री की कोई सभा या शिलान्यास-लोकार्पण कार्यक्रम जिस स्थान पर होता है, उसी कार्यक्रम में जनता को जुटाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को टारगेट दिए जाते हैं। लेकिन ऐसा संभवत पहली बार देखा गया जब पूरी की पूरी राजस्थान पुलिस ही केन्द्रीय मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट को दिखाने के लिए जनता जुटाने में लग गयी हो।
कार्यक्रम में आए सीएलजी मेंबर्स और आम जनता ने गृहमंत्री अमित शाह नवीन आपराधकि कानूनी को लगी इस प्रदर्शनी का उद्घाटन, अवलोकन और संबोधन सहित पूरा कार्यक्रम पूरे अनुशासन के साथ देखा और सुना। कार्यक्रम में पुलिस ने बुलाया था, तो जनता बीच में उठकर जाती भी तो कैसे। इससे यह तो कहा जा सकता है कि लाइव टेलीकास्ट कार्यक्रम के जरिए गृहमंत्री की जनता तक पहुंच शत-प्रतिशत रही। सरकारी संसाधनों और पुलिस थानों का इससे बेहतर उपयोग क्या ही हो सकता था.?

लोगों ने सुनी “अमित शाह के मन की बात”
1 जुलाई 2024 से देश में लागू हुए नवीन अपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी के उद्घाटन, विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण कर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंच से जनता को संबोधित कर मोदी सरकार की उपलब्धियां और योजनाओं का बखान किया और पिछली गहलोत सरकार को कोसा।
अमित शाह का भाषण प्रदेश की आम जनता ने प्रत्येक पुलिस जिला मुख्यालयों और थाना स्तर पर बड़े-बड़े प्रोजेक्टर, शामियाने लगाकर आयोजित किए गए कार्यक्रमों में बैठकर सुना। जैसे प्रधानमंत्री के मन की बात का लाइव टेलीकास्ट सभी गांव-शहरों में किया जाता है, वैसे ही गृहमंत्री के मन की बात हर थाना स्तर पर लाइव टेलीकास्ट कार्यक्रम आयोजित कर जनता को सुनायी गयी। जयपुर में हुए इस कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, दोनों उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा, अन्य जनप्रतिनिधि, राजस्थान के मुख्य सचिव, डीजीपी सहित अन्य आईपीएस ऑफिसर मौजूद रहे।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।



