मानसूनी बारिश का दौर जारी
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजसमंद जिला मुख्यालय पर स्थित ऐतिहासिक राजसमंद झील लबालब होकर अब छलकने की तैयारी में है। इसका लोगों को कई दिनों से इंतजार था। इधर उदयपुर जिले सहित मेवाड़ में कई जगह मानसूनी बारिश का दौर अभी भी जारी है। पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 77 मिलीमीटर बारिश उदयसागर क्षेत्र में दर्ज की गई। Rajsamand Lake overflow at any time
गोमती नदी से लगातार आवक बनी रहने से 30 फीट पूर्ण भराव स्तर वाली राजसमंद झील लंबे इंतजार के बाद लबालब हो गई है। पानी की आवक को देखते हुए अब कभी भी इस पर चादर चल सकती है। इस दिन का लोगों को इंतजार बना हुआ था। राजसमंद झील का अपना एक ऐतिहासिक महत्व है। राजसमंद जिले में कई जलाशयों पर अभी भी चादर चल रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज 20 सितंबर को उदयपुर,जयपुर, कोटा व अमजेर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद बारिश हो सकती है। उदयपुर व कोटा संभाग व आसपास के जिलों में आगामी 3-4 दिन बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।
उदयसागर का जलस्तर फिर बढ़ा : दोनों गेट तीन-तीन फीट खोले
दो दिनों में हुई बारिश से 24 फीट पूर्ण भराव स्तर वाले उदयसागर का जलस्तर आज शनिवार को बढ़कर 23 फीट 6 इंच हो गया। शुक्रवार को इसका जलस्तर 23 फीट 4 इंच था और जलसंसाधन विभाग ने फिर से दोनों गेट एक-एक फीट खोले। उसके बावजूद रात भर में 2 इंच पानी और बढ़ गया और आवक जारी है। इसको देखते हुए आज दोनों गेट एक-एक फीट से बढ़ाकर तीन-तीन फीट खोल दिए गए है। जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से इस मानसून सीजन में उदयसागर क्षमता से करीब चार फीट ज्यादा भर गया था। समय रहते पर्याप्त निकासी नहीं की गई इसके कारण बैकवाटर से प्रभावित ग्रामीणों को काफी नुकसान उठाना पड़ा। किसानों की फसलें बर्बाद हो चुकी है और पशुओं को लेकर भी किसान परेशान हो रहे है। Rajsamand Lake overflow at any time

पिछले 24 घंटों में कहां कितनी बारिश हुई
उदयसागर 77 मिलीमीटर,कुराबड़ 54, घासा 45, भींडर 32, कनौड़ 30, गोगुंदा 18, राजसमंद 37, देलवाड़ा 50,आमेट 44,भीलवाड़ा बिजौलिया 100,जेतपुरा 63, मांडलगढ़ 52, पुलिया कलां 51 और बूंदी जिले के नैनवा में 86 मिलीमीटर बारिश हुई।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


