- टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर दी राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं: मार्च पास्ट की सलामी ली
- सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जमाया रंग
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जिले भर में 79वां स्वाधीनता दिवस शुक्रवार को उत्साह, उमंग और हर्षाल्लास के साथ समारोह पूर्वक मनाया गया। उदयपुर जिला मुख्यालय पर गांधी ग्राउण्ड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दी। इसके बाद मंत्री खराड़ी ने परेड का निरीक्षण किया और पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट व गाइड के मार्च पास्ट की सलामी ली। udaipur 79th Independence Day celebration in gandhi ground Udaipur

समारोह में एडीएम प्रशासन दीपेन्द्र सिंह ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत, जिला प्रमुख ममता पंवार, विधायक ताराचंद जैन, नगर निगम के पूर्व महापौर गोविन्द सिंह टांक, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आईजी गौरव श्रीवास्तव, कलेक्टर नमित मेहता, एसपी योगेश गोयल, युडीए आयुक्त राहुल जैन, जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी और शहरवासी मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ सेवाओं और सराहनीय कार्यों के लिए सरकारी सेवाओं के कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों सहित शहर के नागरिकों को सम्मानित किया गया।

व्यायाम प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह में बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने शमा परवीन के निर्देशन में सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया। वहीं सेंट्रल एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने भी सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों का अनुशासन और तालमेल देखते ही बन रहा था। एमएमवीएम और एमएमपीएस के बच्चों ने विभिन्न प्रांतों की वेशभूषा में देशभक्ति सामूहिक नृत्य प्रस्तुति देते हुए भारत की विविधता में एकता का दिग्दर्शन कराया।

कार्यक्रम में केंद्रीय कारागृह के बंदीजन ऑर्केस्ट्रा गु्रप ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी। जिसे सभी ने सराहा। अंत में रेजिडेन्सी स्कूल की छात्राओं ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन उद्घोषक राजेन्द्र सेन, डॉ. सीमा चम्पावत, रागिनी पानेरी तथा रणवीरसिंह राणावत ने किया।


डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


