एआर लाइव न्यूज। उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी, थाना हर्षिल के अंतर्गत धराली बाजार में आज दोपहर 1ण्50 बजे बादल फटने से आयी बाढ़ से आए भारी मलबे ने भीषण तबाही मचा दी। मलबे में दबने से कई भवन, होटल और दुकानें जमींदोज हो गयी। हादसे में 50 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे है, जिनमें कई के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना पर तत्काल एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, सेना तथा स्थानीय प्रशासन, पुलिस व अन्य बचाव दलों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खतरे को देखते हुए स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है। uttarkashi cloudburst flood in dharali, many citizens missing
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर बैठक की। प्रभारी मुख्य सचिव आरके सुधांशु ने प्रधानमंत्री कार्यालय तथा गृह मंत्रालय को घटना के संबंध में जानकारी दी है। आरके सुधांशु ने बताया कि केंद्र सरकार ने राहत और बचाव कार्यों में हरसंभव मद्द का आश्वासन दिया है। केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगणों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

मौसम खराब होने से रेस्क्यू में आ रही दिक्कतें
मार्ग बाधित होने तथा मौसम खराब होने के कारण राहत और बचाव दलों को घटनास्थल पर पहुंचने में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मार्गों को खोलने की कार्यवाही गतिमान है। मौसम के अनुकूल होते ही, राहत और बचाव दल हवाई तथा सड़क मार्ग से घटनास्थल पर पहुंच जाएंगे।
एसडीआरएफ ने घटनास्थल के लिए विक्टिम लोकेशन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा, आरआर शॉ, डायमंड चेन शॉ, कर्बाइड टिप्ड चेन शॉ, चिपिंग हैमर, ड्रोन, पैलिकन लाइट, ड्रैगन लाइट, मेडिकल संसाधन रवाना कर दिए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से जिलाधिकारी तथा एसएसपी के साथ लगातार सम्पर्क बना हुआ है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


