हाईवे पर बड़े वाहन चालकों के लिए समस्या बन गयी थी गैंग
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर में हाईवे किनारे ट्रक सहित बड़े वाहन खड़े करने वाले वाहन चालकों के लिए समस्या बने डीजल चोर गिरोह का खुलासा करते हुए प्रतापनगर पुलिस ने चार बदमाशों को धरदबोचा है। इन बदमाशों ने पिछले 4-5 महीनों में बड़े वाहनों से करीब दस हजार लीटर से ज्यादा डीजल चोरी किया और ग्रामीण इलाकों में कुछ सस्ते दाम में बेच दिया। ये गिरोह हर रात घर से इसी फिराक में निकलते थे कि देबारी से गोगुंदा हाईवे पर कहीं कोई ट्रक खड़ा मिल जाए। रैकी करने के लिए ये रात को खुद की कार से चक्कर लगाते और जहां ट्रक खड़ा मिलता डीजल चोरी कर कैन में भरते और कैन कार में रखकर फरार हो जाते थे।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि उदयपुर के नाई में डामरमाला निवासी राजाराम उर्फ राजु पुत्र भग्गाजी, ख्यालीलाल पुत्र उदयलाल, भेरूलाल पुत्र सरदारमल और कानाजी का खेड़ा निवासी किशनलाल पुत्र भंवरलाल को गिरफ्तार किया है। राजाराम और किशनलाल के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, नकबजनी, लूट, मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। बदमाशों से चोरी किया हुआ कुछ डीजल और चोरी में प्रयुक्त दो कार भी बरामद की हैं। इस गिरोह के खुलासे में एडिएसपी सिटी उमेश ओझा, डीएसपी छगन राजपुरोहित के नेतृत्व में थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह, एएसआई किशन सिंह, मोहन सिंह, कांस्टेबल नरेन्द्र सिंह, रामस्वरूप और सोहन शर्मा की विशेष भूमिका रही है।
चालक रेस्ट के लिए ट्रक खड़ा करते, वापस शुरू करते तब तक चोरी हो चुका होता था डीजल
डबोक के चंदेसरा निवासी राजकुमार ने प्रतापनगर थाने में एफआईआर दर्ज करवायी थी कि उसकी गोवला पावर के पास कालिका ट्रेडर्स नाम से दुकान है। दुकान से सामने उसने ट्रक खड़ा किया, ट्रक का डीजल टैंक फुल था, सुबह जब ट्रक स्टार्ट किया तो पता चला टैंक खाली पड़ा था और डीजल चोरी हो चुका था। पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़े होने वाहनों के साथ ऐसी वारदातें लगातार हो रही हैं, इससे ट्रक चालकों को काफी समस्याएं उठानी पड़ रही हैं और हादसे का अंदेशा भी बना रहता है।
प्रतापनगर पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए और मुखबीर तंत्र की मदद से चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपियों ने वारदात करना कबूल किया। आरोपियों ने कबूला कि ट्रकों से एक बार में इन्हें 100 लीटर से 250 लीटर तक डीजल मिल जाता था, इसलिए ये हमेशा बड़े वाहनों को ही निशाना बनाते थे। हर दिन रात को कार लेकर निकलते थे, जहां कहीं ट्रक खड़ा हुआ दिखता, तो उसके आस-पास कुछ देर रैकी करते और फिर डीजल चोरी कर कार में रखकर फरार हो जाते थे। पिछले 4 से 5 महीनों से हर दूसरे दिन वारदात को अंजाम दे रहे थे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


