रात 1 बजे से सुबह 5 बजे तक घर में डकैतों ने मचाया आतंक : 18 से 20 लाख रूपए के जेवर-नकदी, मोबाइल और बाइक की डकैती डाल फरार हुए बदमाश
उदयपुर/गोगुंदा,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में मुख्य सड़क के पास स्थित घर में शुक्रवार देर रात 7 से 8 बदमाशों ने डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में महिलाओं की कनपटी पर बंदूक तानकर दो महिलाओं और दो बच्चों को बंधक बनाया, इसके बाद उनके पहने हुए जेवरों सहित पूरे घर में डकैती को अंजाम दिया। बदमाशों ने रात 1 बजे से सुबह 5 बजे तक घर में आतंक मचाया और 18 से 20 लाख रूपए के जेवर-नकदी, मोबाइल और बाइक सबकुछ समेटकर फरार हो गए। रातभर दहशत में रहे बंधक महिलाओं-बच्चों ने सुबह बमुश्किल ग्रामीणों को सूचना दी और इसके बाद वारदात का पता चला। वारदात ताराबाई पत्नी मांगीलाल पुरोहित के घर पर हुई है। Robbery in Udaipur: Women and children held hostage at gunpoint, dacoits broke the door to enter home
एडि.एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि डीएसपी, थानाधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे हैं, अज्ञात बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गयी हैं। वारदात का जल्द ही खुलासा करने का प्रयास कर रहे हैं। परिवार के पुरूषजन सूरत में काम करते हैं, ऐसे में वारदात के समय दो महिलाएं और दो बच्चे ही घर पर थे। वारदात ताराबाई पत्नी मांगीलाल पुरोहित के घर पर हुई है।
पीड़िता ने बतायी आपबीती : दहशत के वो चार घंटे, हर पल काटना हो रहा था मुश्किल
पीड़िता ताराबाई ने बताया कि घर में वह, उसके दो बच्चे (बेटा-बेटी) और रिश्तेदार महिला मौजूद थे। रात करीब 1 बजे दरवाजा बजा, मैंने दरवाजे के पास जाकर अंदर से ही बाहर झांक कर देखा तो घर के बाहर 8 से 10 बदमाश खड़े दिखे। मैं बहुत घबरा गयी, मैं घर के अंदर बच्चों की तरफ भागी, हम कुछ कर पाते, इससे पहले घर का दरवाजा तोड़ बदमाश अंदर घुस चुके थे।
घर के अंदर घुसे बदमाशों के हाथों में हथियार थे, घर के अंदर आते ही बदमाशों ने मेरी कनपटी पर बंदूक तान दी और मुझे, मेरे दोनों बच्चे व रिश्तेदार महिला हम चारों को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने हमारे पहने जेवर उतरवाए और कहा घर में जोकुछ भी है, सब लाकर दो। हम बहुत घबरा गए थे, बदमाशों ने हमसे जबरन कमरे की चाबियां ली और घर में रखे सोने-चांदी के सभी जेवर और नकदी लूट कर ले गए। बदमाश करीब 18 से 20 लाख रूपए के जेवर-नकदी डकैती कर ले गए हैं।
बदमाश रात करीब 1 बजे घर में घुसे थे और चार घंटों तक हम बदमाशों की दहशत में रहे। बदमाशों ने हमसे हमारे मोबाइल भी छीन लिए और घर के बाहर खड़ी बाइक भी ले गए। बदमाश हमें धमकाकर गए कि थाने पर सूचना दी तो जान से मार देंगे। महिला ने बताया कि बदमाशों की दहशत में उनके लिए रात का एक-एक पल काटना मुश्किल हो रहा था। पूरी रात बहुत मुश्किलों में और दहशत में गुजरी। बदमाशों के जाने के बाद हमने हिम्मत जुटायी और पड़ोसियों को सूचना दी।
गांव में दहशत का माहौल
रात में बदमाशों का घर में घुसकर इस तरह से डकैती को अंजाम देने की वारदात से पूरे पुनावली गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आज मांगीलाल के घर पर वारदात हुई है, कल को किसी के घर पर ही वारदात हो सकती है। बदमाशों ने घर में चार घंटे तक आतंक मचाया, जिनमें कुछ बदमाश घर के बाहर भी खड़े रहे, लेकिन पुलिस की पर्याप्त गश्त नहीं होने से किसी को कुछ पता नहीं चला। जबकि यह घर तो मुख्य सड़क के पास ही है, जब यहीं पर सुरक्षा के यह हाल हैं तो गांव के अंदरूनी मार्ग पर पुलिस गश्त की क्या ही उम्मीद करें।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


