मुख्यमंत्री ने 135 भामाशाहों को किया सम्मानित : जयपुर में हुआ 29वां राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में भामाशाहों, शिक्षाविदों एवं प्रेरकों की त्रिवेणी अहम भूमिका निभा रही है। भामाशाह शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग का नेक एवं सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इनसे प्रेरणा लेकर समाज के अन्य लोग भी शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे। Bhamashah Samman Samaroh jaipur
मुख्यमंत्री शनिवार को जयपुर के माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के तक्षशिला सभागार में आयोजित 29वें राज्यस्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मेवाड़ की रक्षा के लिए अपनी समस्त संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित करने वाले भामाशाह का नाम हमारे हृदय में गर्व और सम्मान का भाव जगाता है। आज भी आवश्यकता पड़ने पर समाज के लिए भामाशाह आगे आते हैं। राजस्थान में भामाशाह शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग का नेक एवं सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इनसे प्रेरणा लेकर समाज के अन्य लोग भी शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे। Bhamashah Samman Samaroh jaipur

समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में 1 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का सहयोग देने वाले 35 भामाशाहों को शिक्षा विभूषण सम्मान एवं 30 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का सहयोग देने वाले 100 भामाशाहों को शिक्षा भूषण सम्मान प्रदान किया। उन्होंने मुंबई, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु में प्रवासी राजस्थानी शिक्षा सम्मेलन आयोजित करने वाले 15 प्रवासी राजस्थानी भामाशाहों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
13 हजार राजकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास-रूम की सुविधा मिल रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल शिक्षा देने 14 हजार राजकीय स्कूलों में आईसीटी लैब स्थापित की गई हैं। 13 हजार स्कूलों में स्मार्ट क्लास-रूम शुरू किए हैं। प्रदेश के 402 पीएम श्री विद्यालयों में पूर्व प्राथमिक कक्षाएं शुरू की गई है। 2 लाख 27 हजार बालिकाओं को गार्गी पुरस्कार और बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत 90 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई है।
समारोह में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, स्कूल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा, शासन सचिव स्कूल शिक्षा विभाग कृष्ण कुणाल, राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अभियान अनुपमा जोरवाल, प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट, आयुक्त मिड-डे मील विश्व मोहन शर्मा, आयुक्त संस्कृत शिक्षा विभाग प्रियंका जोधावत, आरएससीईआरटी निदेशक श्वेता फगेड़िया सहित कई समाजसेवी भी मौजूद थे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


