जन्तुआलय विकास ट्रस्ट की साधारण सभा की बैठक
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। जन्तुआलय विकास ट्रस्ट की साधारण सभा बैठक बुधवार को संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में संभागीय आयुक्त कार्यालय सभागार में हुई। Sajjangarh Wildlife Sanctuary Udaipur
संभागीय आयुक्त ने वन्यजीव अभ्यारण्य, सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में तकनीक का उपयोग करते हुए पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव मुहैया करवाने के निर्देश दिए। उन्हांंने कहा कि अभ्यारण्य और बायोलॉजिकल पार्क में विदेशी पर्यटकों के लिए भी जरूरत अनुसार सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए और लॉयन सफारी को भी शीघ्र प्रारंभ किया जाए। बैठक में ट्रस्ट को गत वर्ष हुई आय एवं व्यय के ब्यौरे का अनुमोदन किया गया। Sajjangarh Wildlife Sanctuary Udaipur
बागदडा क्रोकोडाइल कंजर्वेशन रिजर्व एरिया में व्यावसायिक एवं औ़द्योगिक गतिविधियों पर जताई चिंता
संभागीय आयुक्त ने बागदडा क्रोकोडाइल कंजर्वेशन रिजर्व जहाँ मगरमच्छों का संरक्षण किया जाता है। वहां एक किलोमीटर परिधि में हो रही व्यावसायिक एवं औद्योगिक गतिविधियों पर चिंता जताई। उन्होंने यहां के आसपास के पर्यावरण पर हो रहे प्रतिकूल प्रभावों के चलते इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजने के निर्देश दिए।

साईन बोर्ड ही नहीं, पर्यटकों को स्थलों की जानकारी कैसे होगी : कलेक्टर
बैठक में कलेक्टर नमित मेहता ने चिंता जताते हुए कहा कि उदयपुर में पर्यटकों की सुविधा के लिए जरूरत अनुसार साईन बोर्ड ही नहीं है। जब जगह जगह साईन बोर्ड ही नहीं होंगे तो पर्यटकों को वन्यजीवों से जुड़े पर्यटन स्थलों और ईको टूरिज्म की जानकारी कैसे मिलेगी। सभी प्रमुख मार्गों पर साइनेज बोर्ड लगाए जाएं, साथ ही विभिन्न स्थानों पर ब्रोशर एवं पेम्पलेट भी पर्यटकों को उपलब्ध हो जिसमें शहर के विभिन्न पर्यटन स्थलों से संबंधित समस्त सामान्य जानकारी उल्लेखित हो।
सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्यः 5 लाख से अधिक पर्यटकों से 11 करोड़ की आय हुई
बैठक में वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2024-25 में सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में 5 लाख से अधिक पर्यटक आए और इससे 11 करोड़ की आय हुई। बायो पार्क में 2 लाख 59 हजार पर्यटक आए जिससे 68 लाख से अधिक की आय हुई। बैठक में मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव एसआर यादव, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सीआर देवासी, उपवन संरक्षक वन्यजीव यादवेंद्र सिंह चूंडावत और उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
इस साल 2 करोड़ के होंगे काम
बैठक में वर्ष 2025-26 में 2 करोड़ 85 लाख की लागत से होने वाले 27 कार्यों का अनुमोदन हुआ। सज्जनगढ़ वन्य जीव अभ्यारण्य के 50 हेक्टेयर क्षेत्र से लेंटाना घास उन्मूलन पर 18 लाख खर्च होंगे। पूर्व निर्मित पेट्रोलिंग ट्रैक मरम्मत पर 3 लाख,अभ्यारण्य के मेन गेट से हवाला मार्ग पर दीवार तथा पार्किंग एरिया की दीवार की ऊंचाई बढ़ाने 35 लाख खर्च होंगे। अभयारण्य के मंडल कार्यालय, रेंज कार्यालय के संधारण एवं आधारभूत सुविधाओं के लिए 15 लाख रुपए तथा लायन सफारी के शेष रहे कार्यों को पूर्ण करवाने 53 लाख रूपए खर्च होंगे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


