मुख्यमंत्री ने कहा, जनता ने हमें चुनकर भेजा हैं और उनको हमसे बहुत बड़ी उम्मीदें हैं
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राजस्थान विधानसभा में चल रहा गतिरोध आखिरकार गुरूवार दोपहर बाद समाप्त हो गया। आज सदन में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गोविंद सिंह डोटासरा के आचरण पर माफी मांगी। सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को लेकर (दादी) शब्द इस्तेमाल करने पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इन शब्दों को विलोपित करने का आग्रह किया। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने आग्रह स्वीकार कर लिया। इसके बाद कांग्रेस के 6 विधायकों का निलंबन रद्द करने के साथ ही गतिरोध समाप्त हो गया।(Rajasthan vidhansabha)
आज विधानसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि आप और हम सौभाग्यशाली है कि राजस्थान की जनता ने हमें चुनकर भेजा हैं। जनता की बहुत बड़ी उम्मीदें हैं और उनके मन में जनप्रतिनिधियों के प्रति भाव और समर्पण बहुत होता हैं। यदि आप थोड़ा भी विचार करेंगे तो मेरा और तेरा की बात खत्म हो जाएगी। ऐसे शब्दों का इस्तेमाल न करें जिससे कोई आहत हो, यह दोनों पक्ष के सदस्यों की जिम्मेदारी है।(Rajasthan vidhansabha)
मुख्यमंत्री ने कहा कि जोर से हल्ला मचा देते हैं सिर्फ एक सुर्खी में बनने के लिए, सदन का समय बहुत कीमती होता हैं, पूरा का पूरा खर्चा राजस्थान की जनता वहन करती हैं। हम भावावेश में टिप्पणी करते हैं, ऐसी टिप्पणी ठीक नहीं है, कई लोग सहन करते हैं, कई लोग नहीं करते। अध्यक्ष माननीय होता है और प्रमुख होता है, इसका ध्यान सभी को ध्यान रखना जरूरी है।
आसन को हमने सदैव सर्वोपरि रखा, जो घटना थी वो सही नहीं थी: नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली ने विधानसभा में कहा कि सत्ता पक्ष के विधायकों का धन्यवाद, जिन्होंने गतिरोध समाप्त करने में भूमिका निभाई। गोविंद सिंह डोटासरा की टिप्पणी आसन के प्रति सही नहीं थी। उसके लिए मैं सदन और आसन से माफी मांगता हूं। टीकाराम जुली ने कहा कि आसन को हमने सदैव सर्वोपरि रखा, जो घटना थी वो सही नहीं थी, उसके लिए क्षमा चाहते हैं। Rajasthan vidhansabha
कांग्रेस के छह विधायकों का निलंबन वापस लेने का प्रस्ताव हुआ पारित
सदन में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग प्रस्ताव रखा कांग्रेस के 6 विधायकों का निलंबन वापस लेने का प्रस्ताव पारित हुआ। कांग्रेस के 6 विधायक बहाल हुए। इनमें गोविंद सिंह डोटासरा, रामकेश मीणा, अमीन कागजी, हाकम अली, जाकिर गैसावत और संजय कुमार शामिल है।
निलंबन बहाल, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष दिखे सख्त
कांग्रेस के छह विधायकों का निलंबन बहाल कर दिया गया, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदन में सख्ती दिखाते हुए कहा कि जो भी हुआ वह माफी लायक नहीं है, लेकिन सभी चाहते हैं कि सदन चले जिससे जनता का नुकसान न हो। जो टिप्पणियां हुई वह क्षमा योग्य नहीं है, लेकिन भविष्य में ऐसा न हो इसे सुनिश्चित करना होगा। देवनानी ने कहा कि अब यह नियम लागू हो गया है कि अगर कोई भी विधायक आसन के पास भी आएगा तो उसका निलंबन स्वतः ही मान लिया जाएगा। इसके लिए किसी तरह के प्रस्ताव की भी जरूरत नहीं होगी।
यह भी पढ़े : इसलिए हुआ इतना बड़ा विवाद
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


