उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर विकास प्राधिकरण की सामान्य बैठक शुक्रवार को संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में हुई। इसमें शहर से सटे लखावली और नोहरा गांव में आवासीय योजना विकसित करने सहित जनहित के कई निर्णय लिए गए। udaipur UDA will develop residential planning in lakhawali and nohra village
यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने प्राधिकरण द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। जिला कलेक्टर नमित मेहता की मौजूदगी में हुई बैठक में आयुक्त ने बताया कि यूडीए द्वारा राजस्व ग्राम लखावली और उदयपुर-नादेश्वर रोड पर स्थित नोहरा गांव में आवासीय योजना विकसित की जाएगी। संभागीय आयुक्त व जिला कलक्टर ने प्रस्तावित योजना पर विस्तृत चर्चा कर इस पर अपनी सहमति की। सचिव हेमेंद्र नागर ने गत बैठक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
13 करोड़ रूपए में स्थापित होगा प्लेनेटेरियम
राज्य सरकार की 2023 की बजट घोषणा के तहत विद्यार्थियों को अंतरिक्ष और सौर मण्डल से जुड़े तथ्यों की जानकारी करवाने
उदयपुर में साइंस सिटी की तर्ज पर प्लेनेटेरियम की स्थापना की जा रही है। इसके लिए 2.40 करोड़ अंशदान के रूप में हस्तांतरित करने का निर्णय लिया गया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की गाइडलाइन के अंतर्गत कुल 13 करोड़ रूपए में से 7.40 करोड़ राज्यांश से वहन किए जा रहे हैं। इनमें से 5 करोड़ पूर्व में जारी किए जा चुके हैं।
बैठक में यह भी तय हुआ
- नगरीय विकास विभाग द्वारा गत दिनों जारी अधिसूचना के तहत विकास प्रोत्साहन एवं नियंत्रण उपविधियां (डीपीसीआर) पर चर्चा कर सर्वसम्मति से डीपीसीआर को लागू करने का निर्णय लिया गया।
- सिटी रेलवे स्टेशन से कलक्टर निवास प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के लिए राज्य सरकार के निर्देशानुसार यूडीए की हिस्सा राशि 61.60 करोड़ रूपए में से 10 करोड़ रूपए जारी करने तथा यूसी प्राप्त होने पर अगली किश्त जारी की जाएगी।
- यूडीए क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण कार्य के लिए नगर निगम को 21.04 करोड़ रूपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी करने तथा निगम की मांग अनुसार राशि हस्तांतरित करने की स्वीकृति प्रदान की गई।
इन बिन्दुओं पर भी हुई चर्चा
दक्षिण विस्तार योजना तथा बड़गांव में नवनिर्मित सामुदायिक भवन के किराया निर्धारण करने, यूडीए क्षेत्राधिकार में स्थित चौराहों की कंसलटेट से ड्राईंग व डिजाइन तैयार कराने, देबारी चौराहे से प्रतापनगर चौराहा तक एलिवेटेड सड़क निर्माण, राजकीय व केंद्रीय विभागों के कार्यालय भवन के लिए भूमि आवंटन करने के बजाए वर्टिकल बिल्डिंग में स्थान उपलब्ध कराने और प्राधिकरण के लिए अधिवक्ताओं का पैनल अनुमोदन पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस माधव भारद्वाज, यूडीए के ओएसडी जितेंद्र ओझा, पीडब्ल्यूडी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अशोक कुमार शर्मा, देवस्थान उपायुक्त देवस्थान जतीन गांधी एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरिशचंद्र, डीटीपी वीरेंद्रसिंह परिहार भी मौजूद थे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


