फोन टैपिंग आरोप से विपक्ष को बैठे बिठाए मिला मुद्दा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। भजनलाल सरकार में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा के अपनी ही सरकार पर उनका फोन-टेपिंग करने के आरोप का एक वीडियो सामने आने पर आज शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा में भी हंगामा हो गया। विपक्ष ने इस मामले में सत्ता पक्ष को घेरने की खूब कोशिश की। हालांकि हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रश्नकाल शुरू करवा दिया। (Kirodi Lal Meena phone tapping issue)
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर आज नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली सहित विपक्ष के कई विधायक काली पट्टी बांध कर सदन में पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष ने सत्ता पक्ष को घेरते हुए कहा कि एक कैबिनेट मंत्री खुद कह रहे हैं कि उनका फोन टैप हो रहा है। यह सरकार अपने ही मंत्री का फोन टैप करवा रही है। सत्ता पक्ष की ओर से संसदीय कार्यमंत्री जोगेश्वर गर्ग ने नेता प्रतिपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि अपनी सरकार के मंत्रियों का फोन टैप करने का काम पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में हुआ था। हमारी सरकार इस तरह के काम नहीं करती है। विपक्ष का हंगामा जारी रहा तो विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल की कार्यवाही जारी रखी। वीडियो पर क्लिक कर सुनें क्या बोले किरोड़ीलाल मीणा:-
अचानक इसलिए गरमाई राजनीति
दरअसल कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा का एक भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो किसी सामाजिक कार्यक्रम का नजर आ रहा है और इसमें मीणा बोले रहे है कि मैं आशा करता था कि राज बदलेगा, हम जब राज में आएंगे तो भ्रष्टाचार करने वालों पर नकेल कसेंगे और मुंह का खाया हुआ नाक से निकालेंगे, लेकिन मैं निराश हूं, जो आंदोलन पिछले राज में मैंने किए और जिनके कारण आप लोगों ने हमारा साथ दिया और हम सत्ता में आए। उन मुद्दों पर काम नहीं हो रहा, इसलिए मैने भ्रष्टाचार के कुछ मामले बीच में उठाए थे 50 फर्जी थानेदारों को गिरफ्तार किया गया।
किरोड़ीलाल मीणा भाषण में बोल रहे है कि मैंने जब कहा कि ये परीक्षा रद्द करो, तो सरकार ने मेरी बात मानी नहीं उल्टा सरकार की तरफ से जैसा पिछले राज में हुआ करता था वैसा ही हो रहा है। चप्पे-चप्पे पर मेरी सीआईडी की जाती है और मेरा टेलीफोन भी रिकॉर्ड किया जाता है। मीणा ने कहा कि मैं बूरा काम करता नहीं,इसलिए मैं डरता नहीं, झुकता नहीं और टूटता भी नहीं, मैं सच कहने से नहीं चूकता।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


