- उदयपुर संभाग से 2359 वरिष्ठ नागरिकों ने की तीर्थ यात्रा:64 फ्लाईट व 27 रेलगाडियों से किए तीर्थ दर्शन
- 1606 यात्रियों ने हवाई यात्रा कर पशुपतिनाथ काठमांडू (नेपाल) के दर्शन किए
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। राज्य सरकार के देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश में अब तक 22 हजार से अधिक वरिष्ठ नागरिक निशुल्क विभिन्न तीर्थ स्थलों पर फ्लाईट व रेलगाडियों के माध्यम से पहुंच कर अपने आराध्य के दर्शनों का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। उदयपुर संभाग से 2359 वरिष्ठ नागरिकों ने तीर्थ यात्रा का लाभ प्राप्त किया है। varishth nagrik tirth yatra yojana rajasthan
देवस्थान आयुक्त वासुदेव मालावत के अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा पूर्णतया निशुल्क है और यात्रियों को सुगम यात्रा के लिए मेडिकल सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि उक्त योजना के तहत प्रदेश में 27 रेलगाडियों के माध्यम से 20 हजार 156 एवं 64 फ्लाईट (हवाई यात्रा) के माध्यम से 1606 यात्रियों ने तीर्थ दर्शनों का लाभ 27 जनवरी 2025 तक प्राप्त कर लिया है।
इन तीर्थ स्थलों की यात्रा
देवस्थान आयुक्त वासुदेव मालावत ने बताया कि प्रदेश सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना- 2024 के तहत रेल यात्रा के माध्यम से तीर्थ स्थल क्रमशः रामेश्वरम, हरिद्वार-ऋषिकेश-अयोध्या, तिरूपति गंगासागर, कामाख्या, जगन्नाथपुरी की निशुल्क यात्रा करवाई जा रही है। इसी क्रम में हवाई यात्रा के माध्यम से पशुपतिनाथ काठमांडू (नेपाल) की यात्रा करवाई जा रही है।
22 हजार से अधिक ने लिया योजना का लाभ
आयुक्त मालावत ने बताया कि तीर्थ स्थल रामेश्वरम के लिए संचालित 9 रेलगाडियों के माध्यम से 7146, हरिद्वार-ऋषिकेश-अयोध्या के लिए संचालित 12 रेलगाडियों के माध्यम से 8768, तिरूपति के लिए 2 रेलगाडियों द्वारा 1554, गंगासागर के लिए एक रेल द्वारा 807, कामाख्या के लिए एक रेल द्वारा 770 एवं जगन्नाथपुरी के लिए 2 रेलगाडियों के माध्यम से 1471 सहित कुल 27 रेलगाडियों द्वारा 20 हजार 516 वरिष्ठ नागरिकों ने तीर्थ दर्शनों का लाभ लिया है। इसी क्रम में तीर्थ स्थल पशुपतिनाथ काठमांडू (नेपाल) के लिए 64 फ्लाईट के माध्यम से 1606 यात्रियों ने तीर्थ दर्शन का लाभ प्राप्त किया है। इस प्रकार रेल व हवाई यात्रा के माध्यम से 22 हजार 122 यात्री निशुल्क तीर्थ यात्रा कर चुके है।
उदयपुर संभाग से 2359 ने की यात्रा
देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त अशोक कुमार ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना- 2024 के तहत 27 जनवरी 2025 तक उदयपुर संभाग से रेल के माध्यम से हरिद्वार-ऋषिकेश-अयोध्या 1854, गंगासागर-कोलकाता 204 एवं कामाख्या 226 सहित 2 हजार 284 यात्रियों ने तीर्थ यात्रा कर ली है। इसी क्रम में हवाई यात्रा के द्वारा 75 यात्रियों ने तीर्थ दर्शन का लाभ प्राप्त कर लिया है। इस प्रकार संभाग से 2359 वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा कर चुके है। varishth nagrik tirth yatra yojana rajasthan
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


