उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर के गांधी ग्राउंड में राज्य स्तरीय 76वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्यजन उपस्थित रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सर्किट हाउस, उदयपुर में तिरंगा फहराया और नगर निगम प्रांगण स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। 76th republic day state level program celebration at gandhi ground udaipur governor flag hoisting

समारोह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के बाद राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण किया और सलामी गार्ड द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। राज्यपाल बागडे ने गणतंत्र दिवस पर अपने उद्बोधन में सभी को राष्ट्र और प्रदेश के सर्वांगीण विकास में अपनी महती जिम्मेदारी निभाने और आपणो राजस्थान को अग्रणी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने देश के लिए अपना सब कुछ समर्पित करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सीमाओं पर चौकस प्रहरियों को नमन करते हुए भारत को सशक्त, स्वाभिमानी और समृद्ध राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में सभी के योगदान को महती बताया।

राज्यपाल ने एडीजी राष्ट्रपति सम्मान से किया सम्मानित
गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में राज्यपाल ने राजस्थान के दो अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एडीजी को राष्ट्रपति पुलिस पदक और 15 अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुलिस पदक से सम्मानित भी किया।

बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
राज्य स्तरीय समारोह में स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इन बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों को ऐसे प्रस्तुत किया कि गांधी ग्राउंड तिरंगे रंग में रंगा नजर आया। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी तालियां बजाकर इन बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। बच्चे भले ही छोटे थे,मगर उनकी उमंग और उत्साह बड़ा नजर आया। स्कूली बच्चों ने बैंडवादन भी किया।

राजस्थान पुलिस की घुड़सवारी विंग ने किया रोमांचित
समारोह में राजस्थान पुलिस के जवानों ने घुड़सवारी करते हुए रोमांचित कर दिया। एक के बाद एक घुड़सवार मुख्य मंच के सामने आते रहे और अपनी घुडसवारी का लोहा मनवाते रहे। तलवार और भाले से लक्ष्य भेदते घुड़सवारों ने इस समारोह की शोभा बढ़ा दी। अनुशासित घोड़ों पर सवार घुड़सवार साहसिक प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक बाधा पार करते चले और लोगों की तालियां बजती रही।

झांकियों में दिखी कला संस्कृति और आधुनिक विकास की झलक
राज्य स्तरीय समारोह में राजस्थान के विभिन्न जिलों की अलग-अलग झांकियां भी प्रदर्शित की गई। इन झांकियों के माध्यम से राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों ने कला संस्कृति के साथ ही आधुनिक विकास की झलक पेश करने का प्रयास किया गया। सभी जिलों ने उनकी खासियत की झलक को झांकी में दर्शाया, जहां बीकानेर को हवेलियों के शहर हजार हवेलियों का बीकानेर थीम पर झांकी ने सभी को आकर्षित किया तो वहीं मेवाड़ के चित्तौड़गढ़ में भक्ति, शक्ति और शौर्य की थीम आधारित झांकी में दर्शकों ने सांवलिया सेठ जी की झलक दिखी, तो महाराणा प्रताप के शौर्यगाथा व मीरा की भक्ति के दर्शन हुए। बांसवाड़ा ने मानगढ़ धाम, सलूंबर ने जयसमंद सहित डूंगरपुर और प्रतापगढ़ चारों जिलों की झांकी में आदिवासी संस्कृति की झलक दिखायी दी। राजसमंद की झांकी में कुंभलगढ़ और नाथद्वारा श्रीनाथ जी के दर्शन भी हुए।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर फतहसागर पर हुए ड्रोन शो का वीडियो देखें:-
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


