200 से अधिक लघु उद्यमियों ने प्रदर्शित किए अपने उत्पादों और कार्य : प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पहुंचे उद्यमी, डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने युवा उद्यमियों से की चर्चा
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। लघु उद्योग भारती की ओर से उदयपुर में आज शुक्रवार से चार दिवसीय 11वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर 2025 (IIF-2025) की शुरूआत हुई है। डीपीएस स्कूल ग्राउंड में लगे आईआईएफ में प्रदेश के 200 से अधिक उद्यमियों ने स्टॉल्स के जरिए अपने प्रोडक्ट और कार्य प्रदर्शित किए। आईआईएफ के उद्घाटन समारोह में पहुंची उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्टॉल्स का अवलोकन किया और युवा उद्यमियों से चर्चा की। 11th india industrial fair 2025 udaipur
अहिल्या बाई डोम में महिला उद्यमियों की स्टाल्स देख डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने प्रसन्नता जाहिर की और बताया कि वे भी खुद लघु उद्योग भारती की सदस्य हैं और इनोवेशन और स्टार्टअप्स के सहयोग के लिए वे सदैव तत्पर हैं। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, सिंघल फाउंडेशन के अरविंद सिंघल, अनंता हॉस्पिटल के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. नितिन शर्मा, मिराज ग्रुप के मदन पालीवाल, ईवो के को-फाउंडर सौरभ खेतान, वंडर पेंट्स के मनीष गन्ना, विकास गन्ना, उदयपुर सांसद एमएल रावत, विधायक ताराचंद जैन सहित अन्य गणमान्य लोग और कई उद्योगपति मौजूद रहे।

मैन्यूफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर, हॉर्टिकल्चर, फूड प्रोसेसिंग सेगमेंट में लगीं 200 से अधिक स्टॉल्स
लघु उद्योग भारती उदयपुर के अध्यक्ष मनोज जोशी ने बताया कि आईआईएफ-2025 मेले में चार डोम बनाए गए हैं। हर डोम का नाम भारतीय महापुरुष पर रखा गया है। इनमें पहला डोम महाराणा प्रताप, दूसरा डोम भगवान विश्वकर्मा, तीसरा भामाशाह और चौथा अहिल्या बाई के नाम पर है। चार डोम व उनके बाहर खुले मैदान में डेमो लेकर आई कम्पनियों सहित 200 से अधिक प्रतिभागी यहां अपने उत्पादों और कार्य को प्रदर्शित कर रहे हैं। इनमें मैन्यूफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर, हॉर्टिकल्चर, फूड प्रोसेसिंग सहित कई सेगमेंट शामिल हैं। समारोह में अतिथियों ने लघु उद्योग भारती के तहत साल भर में किए जाने वाले आयोजनों को जोड़ते हुए एक कैलेंडर का भी विमोचन किया। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में शहरवासी भी पहुंचे। युवाओं का आकर्षण एडवांस तकनीकों वाली स्टाल्स पर ज्यादा नजर आया, वहीं महिलाओं को समर्पित डोम में हाथ से बनाई हुई वस्तुओं का क्रेज दिखा।

200 प्रतिशत कर सकेंगे सोलर उत्पादन : बालड़
लघु उद्योग भारती के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लघु उद्योग भारती की ओर से सौर ऊर्जा के उत्पादन के क्षेत्र में भी उद्योगों को राहत देने और असीमित उत्पादन की नीति जारी करने का आग्रह किया था। बालड़ ने बताया कि सीएम भजनलाल ने इस बात पर सहमति जताई है कि उद्योग अपनी आवश्यकता से 200 प्रतिशत तक सोलर ऊर्जा का कैप्टिव पावर प्लांट लगा सकेंगे। अब तक सिर्फ उद्योगों को अपनी आवश्यकता अनुसार ही सौर बिजली उत्पादन की अनुमति थी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featuredयू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


