थानेदार और कांस्टेबल फरार, एसीबी ने परिचित को पकड़ा : थानेदार और कांस्टेबल निलंबित
एआर लाइव न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अजमेर की टीम ने ब्यावर के बदनौर थाने में थानेदार नारायण सिंह, कांस्टेबल अशोक कुमार के खिलाफ ट्रेप कार्रवाई की। थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तारी के बाद मारपीट नहीं करने और कोर्ट में पेश कर जेसी (न्यायिक अभिरक्षा ) करवाने की एवज में थानेदार ने एसीबी के परिवादी से तीन लाख रूपए रिश्वत मांगी थी। एसीबी कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने थानेदार और कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। ajmer acb trap badnor sho and constable for bribe demand
कांस्टेबल अशोक कुमार ने चालाकी दिखाते हुए रिश्वत लेने अपने परिचित कैलाश गुर्जर को भेज दिया। कैलाश गुर्जर ने जैसे ही एसीबी के परिवादी से रिश्वत राशि के 45 हजार रूपए लिए, एसीबी ने उसे पकड़ लिया। परिचित के पकड़े जाने पर थानेदार नारायण सिंह और कांस्टेबल अशोक कुमार फरार हो गए हैं। जिनकी एसीबी तलाश कर रही है।
एसीबी डीआईजी कालूराम रावत ने बताया कि परिवादी ने एसीबी कार्यालय पर शिकायत की थी। परिवादी ने शिकायत में बताया था कि उसके भाई व भतीजे के खिलाफ बदनौर थाने में मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित एक मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज है। इस मुकदमे में गिरफ्तार करने पर मारपीट नहीं करने एवं जेसी कराने की एवज में बदनौर थानेदार नारायण सिंह खिड़िया और कांस्टेबल अशोक कुमार तीन लाख रूपए रिश्वत मांग रहे हैं। काफी निवेदन के बाद 1 लाख रूपए रिश्वत पर तैयार हुए हैं।
कांस्टेबल का परिचित फंसा, जिसे रिश्वत राशि के बारे में कोई जानकारी नहीं थी
एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन किया, रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर बीती रात एसीबी टीम ने बदनौर में ट्रेप कार्यवाही की। परिवादी रिश्वत राशि के 45 हजार रूपए (5 हजार भारतीय मुद्रा व 40 हजार रूपए डमी करेंसी) लेकर थाने पहुंचा तो कांस्टेबल अशोक कुमार ने रिश्वत राशि उसके परिचित कैलाश गुर्जर को देने के लिए कहा। कैलाश गुर्जर ने जैसे ही रिश्वत राशि परिवादी से ली, एसीबी ने उसे पकड़ लिया।
एसीबी ने रिश्वत राशि सहित पकड़ में आए कैलाश गुर्जर से पूछताछ की तो पता चला कि उसे रिश्वत राशि को लेकर कोई जानकारी नहीं थी, उसे तो परिचित कांस्टेबल ने रूपए लेने के लिए कहा था, तो उसने परिवादी से रूपए ले लिए थे। पड़ताल में पता चला कि कैलाश गुर्जर की इस मामले में संलिप्तता नहीं थी, तो एसीबी ने पूछताछ कर उसके बयान लेकर उसे छोड़ दिया। इधर कार्रवाई की भनक लगने पर थानेदार नारायण सिंह और कांस्टेबल अशोक कुमार फरार हो गए हैं। जिनकी तलाश की जा रही हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज केhttps://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें


